जयपुर में दर्दनाक हादसा: NH-52 पर ट्रेलर से भिड़ी कार, जबलपुर के पांच लोगों की मौत.
राजस्थान के जयपुर जिले के चाकसू में शनिवार तड़के कोटा-जयपुर नेशनल हाईवे (NH-52) पर भीषण सड़क हादसा हो गया। सुबह करीब 5:30 बजे एक तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रेलर में जा घुसी, जिससे मध्य प्रदेश के जबलपुर निवासी पांच लोगों की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार हादसा टिगरिया मोड़ के पास हुआ। कार जबलपुर से जयपुर की ओर जा रही थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ड्राइवर को झपकी आने से वाहन अनियंत्रित हो गया और ट्रेलर से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई और शव अंदर बुरी तरह फंस गए।
हादसे में एक महिला समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल एक युवक ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान अखिलेश श्रीवास्तव की पत्नी रेशमा श्रीवास्तव, राजेश राय के बेटे पीयूष राय, बबलू रजक के बेटे रजक राहुल और ड्राइवर अनुराग के रूप में हुई है। पांचवें मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
दुर्घटना के बाद नेशनल हाईवे पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल किया गया। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है और उनके पहुंचने के बाद पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। मामले की जांच जारी है।