अमेरिका ;54 साल बाद चांद की ओर इंसानी उड़ान: आर्टेमिस-2 मिशन में चार अंतरिक्ष यात्री रवाना.
अमेरिका ;54 साल बाद चांद की ओर इंसानी उड़ान: आर्टेमिस-2 मिशन में चार अंतरिक्ष यात्री रवाना
नासा ने अपने महत्वाकांक्षी आर्टेमिस II मिशन के तहत चार अंतरिक्ष यात्रियों को चंद्रमा की ओर भेज दिया है। फ्लोरिडा में कड़ी ट्रेनिंग के बाद इस ऐतिहासिक मिशन की शुरुआत की गई।
इस दल में रीड वाइसमैन (कमांडर), विक्टर ग्लोवर (पायलट), क्रिस्टीना कोच और कनाडा के जेरेमी हैनसेन शामिल हैं।
करीब 54 साल बाद अमेरिका एक बार फिर इंसानों को चांद के पास भेजने की दौड़ में लौटा है। यह मिशन 1972 के अपोलो 17 मिशन के बाद पहला ऐसा मानव मिशन है, जो चंद्रमा के करीब जाएगा।
आर्टेमिस II मिशन लगभग 10 दिन का होगा और इसमें स्पेस लॉन्च सिस्टम तथा ओरायन अंतरिक्ष यान का उपयोग किया जा रहा है। इस दौरान अंतरिक्ष यात्री चंद्रमा की परिक्रमा करेंगे और “फ्री-रिटर्न मार्ग” से वापस पृथ्वी पर लौटेंगे, जिसमें चंद्रमा के गुरुत्वाकर्षण का सहारा लिया जाएगा।
इस मिशन की खास बात यह है कि अंतरिक्ष यात्री चंद्रमा के उस हिस्से के पार जाएंगे, जो पृथ्वी से कभी दिखाई नहीं देता। साथ ही, इस दौरान इंसान पृथ्वी से अब तक की सबसे अधिक दूरी तय करने का नया रिकॉर्ड भी बना सकते हैं—जो फिलहाल 1970 के अपोलो 13 मिशन के नाम दर्ज है।
गौरतलब है कि 2022 में आर्टेमिस I मिशन को सफलतापूर्वक लॉन्च किया गया था, जिसने इस मानव मिशन की नींव रखी। नासा आने वाले वर्षों में चंद्रमा पर स्थायी बेस बनाने की भी योजना पर काम कर रहा है, जिससे अंतरिक्ष अन्वेषण के नए अध्याय खुलेंगे।