औरैया में दर्दनाक हादसा: गंग नहर में गिरी कार, महिला समेत तीन की मौत.
औरैया में दर्दनाक हादसा: गंग नहर में गिरी कार, महिला समेत तीन की मौत
उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में एक हृदयविदारक सड़क हादसा सामने आया है। अछल्दा थाना क्षेत्र के तुरुकपुर गांव के पास निचली गंग नहर में एक कार गिरने से महिला सहित तीन लोगों की डूबकर मौत हो गई। यह हादसा रात के समय बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे के नीचे से गुजर रही नहर में हुआ, जब कार इटावा की ओर जा रही थी।
सुबह ग्रामीणों ने नहर में एक कार पड़ी देखी और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पंकज मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद कार को नहर से बाहर निकाला गया। वाहन के अंदर से तीन लोगों के शव बरामद हुए, जिससे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
एहतियात के तौर पर सिंचाई विभाग ने नहर का पानी बंद करवा दिया, ताकि राहत और जांच कार्य में कोई बाधा न आए।
मृतकों की पहचान राजीव कुमार गुप्ता (50), उनकी पत्नी मधु गुप्ता (48) और शुभम गुप्ता (27) निवासी भरथना, इटावा के रूप में हुई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।