2027 की जंग की शुरुआत: मायावती का ‘ब्राह्मण कार्ड’, माधौगढ़ से आशीष पांडे पर दांव.
2027 की जंग की शुरुआत: मायावती का ‘ब्राह्मण कार्ड’, माधौगढ़ से आशीष पांडे पर दांव
मायावती ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर अभी से बड़ा राजनीतिक संकेत दे दिया है। बहुजन समाज पार्टी की सुप्रीमो ने जालौन की माधौगढ़ सीट से ब्राह्मण नेता आशीष पांडेय को प्रभारी घोषित कर दिया है। इसे बसपा का पहला आधिकारिक चुनावी दांव माना जा रहा है।
यूपी में ब्राह्मण राजनीति को लेकर बढ़ती हलचल के बीच मायावती ने साफ संकेत दिया है कि वह इस बार ब्राह्मण, दलित और मुस्लिम वोट समीकरण के साथ मैदान में उतरेंगी। आमतौर पर बसपा चुनाव की तारीखों के करीब प्रत्याशियों के नाम घोषित करती है, लेकिन इस बार रणनीति बदली हुई नजर आ रही है।
माना जाता है कि जिन नेताओं को बसपा पहले से प्रभारी बनाती है, चुनाव में टिकट भी प्रायः उन्हीं को मिलता है। ऐसे में आशीष पांडेय को माधौगढ़ की जिम्मेदारी देकर यह लगभग तय माना जा रहा है कि वही पार्टी के उम्मीदवार होंगे। उन्हें संगठन मजबूत करने और जमीनी स्तर पर सक्रियता बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
सूत्रों के मुताबिक, होली के बाद कानपुर मंडल की पांच और सीटों पर प्रभारियों के नाम घोषित किए जा सकते हैं। मायावती इस बार समय से पहले तैयारी कर उम्मीदवारों को क्षेत्र में सक्रिय करना चाहती हैं, ताकि जनता से बेहतर तालमेल और चुनावी रणनीति को धार दी जा सके।
उधर, बसपा के संभावित गठबंधन को लेकर भी कयास लगाए जा रहे हैं। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने उन्हें इंडिया गठबंधन में शामिल होने का न्योता दिया है, लेकिन मायावती साफ कर चुकी हैं कि बसपा किसी गठबंधन के साथ चुनाव नहीं लड़ेगी।
ऐसे में 2027 का यूपी चुनाव अभी से दिलचस्प मोड़ लेता दिखाई दे रहा है।