गुरदासपुर एनकाउंटर: दो पुलिसकर्मियों की हत्या का आरोपी रणजीत सिंह ढेर.
गुरदासपुर एनकाउंटर: दो पुलिसकर्मियों की हत्या का आरोपी रणजीत सिंह ढेर
गुरदासपुर के आदियां गांव में दो पुलिसकर्मियों की हत्या के मुख्य आरोपी रणजीत सिंह को बुधवार सुबह पुलिस मुठभेड़ में मार गिराया गया।
पुलिस टीम उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी, तभी आमना-सामना हुआ। मुठभेड़ में रणजीत सिंह घायल हो गया। उसे तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया।
यह मामला आदियां गांव स्थित पुलिस चेक पोस्ट पर शनिवार-रविवार की दरमियानी रात हुए हमले से जुड़ा है। आरोप है कि रणजीत सिंह ने अपने साथियों के साथ मिलकर वहां तैनात होमगार्ड जवान अशोक कुमार और एएसआई गुरनाम सिंह की गोलियां मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी और पुलिस पर आरोपियों को जल्द पकड़ने का दबाव था।
इससे पहले मंगलवार को पुलिस ने मामले के एक अन्य आरोपी दिलावर सिंह को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में दिलावर ने खुलासा किया कि रणजीत सिंह और उसका साथी इंद्रजीत सिंह भी इस हत्याकांड में शामिल थे। इसी इनपुट के आधार पर पुलिस ने दोनों की तलाश तेज कर दी थी, जिसके दौरान बुधवार सुबह यह मुठभेड़ हुई।