मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा: तेज रफ्तार कंटेनर ने यात्रियों को रौंदा, 6 की मौत.
मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा: तेज रफ्तार कंटेनर ने यात्रियों को रौंदा, 6 की मौत
मथुरा के मांट क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस-वे पर शनिवार तड़के एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। सुरीर थाना क्षेत्र के में एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार कंटेनर ने बस से उतर रहे यात्रियों को कुचल दिया। इस हृदयविदारक घटना में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दरअसल दिल्ली से कानपुर जा रही एक बस के कुछ यात्री लघुशंका के लिए एक्सप्रेस-वे पर उतरे थे। बताया जा रहा है कि बस चालक ने सड़क के किनारे ही बस रोक दी। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने पहले बस को जोरदार टक्कर मारी और फिर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े यात्रियों को रौंदते हुए आगे बढ़ गया।
हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और बाद में मार्ग को सुचारू कराया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और कंटेनर चालक की तलाश जारी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस चालक द्वारा असुरक्षित स्थान पर बस खड़े करने की वजह से यह भीषण हादसा हुआ। एक्सप्रेस-वे पर केवल निर्धारित ‘ग्रीन जोन’ में ही वाहनों को रोकने के निर्देश हैं, जिनकी अनदेखी ऐसे गंभीर हादसों का कारण बन सकती है। इस घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरे को उजागर किया है।