गाजियाबाद में दिल दहला देने वाली घटना: तीन नाबालिग सगी बहनों ने नौवीं मंजिल से कूदकर दी जान.
गाजियाबाद में दिल दहला देने वाली घटना: तीन नाबालिग सगी बहनों ने नौवीं मंजिल से कूदकर दी जान
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। टीला मोड़ थाना क्षेत्र की भारत सिटी सोसायटी में तीन नाबालिग सगी बहनों ने नौवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना बीती रात की है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, तीनों बहनें मोबाइल पर एक कोरियाई ऑनलाइन गेम खेलने की आदी थीं। बताया जा रहा है कि परिवार के लोग उन्हें मोबाइल गेम खेलने से मना करते थे, जिसके चलते इस कदम की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आत्महत्या के पीछे के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
मृतक बहनों की पहचान निशिका (16), प्राची (14) और पाखी (12) के रूप में हुई है। वे अपने पिता चेतन, मां और अन्य भाई-बहनों के साथ भारत सिटी सोसायटी में रहती थीं। बताया गया है कि परिवार का एक छोटा बेटा मानसिक रूप से बीमार है।
पड़ोसियों और परिजनों के मुताबिक, कोरोना काल के बाद से तीनों बहनों ने पढ़ाई छोड़ दी थी और अधिकतर समय मोबाइल पर कोरियन टास्क-बेस्ड गेमिंग एप्स खेलती रहती थीं। घटना की रात पूरा परिवार घर में सो रहा था, इसी दौरान तीनों बहनों ने खिड़की से छलांग लगा दी।
पुलिस ने तीनों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही जांच के लिए उनके मोबाइल फोन कब्जे में ले लिए गए हैं। मोबाइल की जांच से अहम सुराग मिलने की उम्मीद है। मौके से कुछ हाथ से लिखे कागज़ भी बरामद हुए हैं, जिनकी भी जांच की जा रही है।
यह घटना न केवल परिवार बल्कि पूरे इलाके को गहरे सदमे में छोड़ गई है और बच्चों में बढ़ती ऑनलाइन गेमिंग की लत को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।