इंदौर में चेटीचंड के जुलूस में कांग्रेसी से भाजपाई बने दीपक खत्री ने किया विवाद, पहले पुलिस से भिड़े, फिर जुलूस में चल रहे युवकों से की मारपीट.
इंदौर। इंदौर में शुक्रवार को भगवान झूलेलाल की जयंती चेटीचंड पर जुलूस निकाला गया था। इसमें कांग्रेस नेता दीपक खत्री ने जमकर बवाल काटा। प्रतिबंध के बावजूद डीजी की गाड़ी लेकर आ गए और पुलिस ने जब रोका तो उससे बहस कर ली। इसके बाद आगे निकलने की होड़ में मारपीट कर दी। इस मामले में जूनी इंदौर पुलिस ने केस दर्ज किया है।
बताया जाता है कि चेटीचंड के जुलूस की परमिशन में डीजे की गाड़ी पर प्रतिबंध था। इसके बावजूद दीपक खत्री डीजे की गाड़ी लेकर आ गए। जब जयराम कॉलोनी में डीसीपी जोन चार आनंद कलादगी ने गाड़ी रोक ली, तो खत्री ने उनसे भी विवाद किया। बताया जाता है कि दीपक खत्री और उनके साथ के लड़के शराब के नशे में भी थे। खत्री ने जुलूस में आगे चलने की होड़ में मारपीट भी कर ली।
पुलिस ने दीपक खत्री पर दर्ज किया केस
जूनी इंदौर पुलिस ने मयंक बालचंदानी की शिकायत पर दीपक खत्री के खिलाफ केस भी दर्ज किया है। शिकायत में मयंक ने कहा है कि जयरामपुर से सिंधी कॉलोनी चौराहे तक झांकी के साथ जुलूस निकाला था। इसमें मेरे साथ में वैभव चावला, जयकुमार जी व अन्य लोग थे। हमारी झांकी के आगे दीपक खत्री, लक्ष्य खत्री व जय खत्री की झांकी चल रही थी हमारी झांकी को उनकी झांकी से आगे चलना था, लेकिन वह लोग हमें आगे नहीं होने दे रहे थे। जब रात करीब 10.15 बजे हमारी झांकी जूनी इंदौर ब्रिज के ऊपर आई तो झांकी आगे करने की बात को लेकर दीपक खत्री, लक्ष्य खत्री और जय खत्री मेरे साथ गाली गलौज करने लगे। जब मैंने मना किया तो लक्ष्य ने मेरा हाथ पकड़कर मरोड़ दिया जिससे मुझे दाहिने हाथ की कलाई में चोट आई। वैभव चावला ने बीच बचाव किया तो दीपक खत्री व जय खत्री ने उसके साथ भी गाली-गलौज और धक्कामुक्की की।
ऐसी हरकतों के लिए बदनाम है दीपक खत्री
बताया जाता है कि दीपक खत्री पहले कांग्रेस के एक पूर्व सांसद व पूर्व विधायक का पट्ठा था। वह पहले भी ऐसी हरकतें करता रहा है। अवैध वसूली से लेकर कई विवादों में उसका नाम आ चुका है। अब वह भाजपा नेताओं से अपने संबंध बताकर ऐसी हरकतें करता रहता है।
भाजपा नेताओं ने झाड़ा पल्ला
दीपक खत्री ने अपने फेसबुक पर भाजपा नेताओं का फोटो लगा रखा है। उसमें खुद को राजवाड़ा व्यापारी एसोसिएशन का प्रेसीडेंट और भाजपा का सदस्य बताया है। पहले भी वह कांग्रेस नेताओं के नाम पर वसूली करता था, अब यही काम भाजपा नेताओं के नाम पर कर रहा है। इस संबंध में जब भाजपा नेताओं से बात की गई तो उन्होंने कहा कि उनका दीपक खत्री से कोई संबंध नहीं है। पुलिस में केस दर्ज होने के बाद वह भाजपा नेताओं के नाम का हवाला दे रहा है, अब देखना यह है कि उसे बचाने कौन सामने आता है।