पश्चिम एशिया तनाव का असर: कमर्शियल गैस सिलेंडर फिर महंगा, कारोबारियों पर बढ़ा बोझ.
पश्चिम एशिया तनाव का असर: कमर्शियल गैस सिलेंडर फिर महंगा, कारोबारियों पर बढ़ा बोझ
पश्चिम एशिया में गहराते संकट का असर अब भारत में भी साफ दिखाई देने लगा है। सरकारी तेल कंपनियों ने एक बार फिर कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में बड़ी बढ़ोतरी कर दी है। 19 किलो वाले सिलेंडर के दाम में 195.50 रुपये की वृद्धि की गई है।
इससे पहले भी एक मार्च को 19 किलोग्राम सिलेंडर पर 114.5 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। नई कीमत लागू होने के बाद राजधानी दिल्ली में अब 19 किलो का कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर 2,078.50 रुपये का हो गया है।
घरेलू उपभोक्ताओं को राहत
हालांकि, इस बार घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं किया गया है। 14.2 किलोग्राम वाला घरेलू सिलेंडर पहले की तरह 913 रुपये में ही मिल रहा है। इससे आम घरों को फिलहाल राहत मिली है।
तेल कीमतों में उछाल का असर
पश्चिम एशिया में जारी युद्ध और तनाव के कारण वैश्विक तेल आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिससे कच्चे तेल की कीमतों में करीब 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी देखी गई है। इसी का सीधा असर एलपीजी के दामों पर पड़ा है।
पेट्रोल-डीजल की कीमतें स्थिर
फिलहाल पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। पिछले साल मार्च में 2 रुपये प्रति लीटर की कटौती के बाद से कीमतें स्थिर बनी हुई हैं। दिल्ली में पेट्रोल 94.72 रुपये प्रति लीटर और डीजल 87.62 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है।
बढ़ती लागत से बढ़ेगी चिंता
कमर्शियल गैस सिलिंडर की कीमतों में यह बढ़ोतरी छोटे व्यापारियों, होटल-रेस्तरां और उद्योगों के लिए चिंता का विषय बन सकती है, क्योंकि ऊर्जा लागत में वृद्धि का सीधा असर उनके खर्च और मुनाफे पर पड़ेगा।