मौसम ;पश्चिमी विक्षोभ का असर: बारिश-बर्फबारी ने दी गर्मी से राहत.
मौसम ;पश्चिमी विक्षोभ का असर: बारिश-बर्फबारी ने दी गर्मी से राहत
उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय दो पश्चिमी विक्षोभ ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है। हिमालयी क्षेत्रों में भारी बर्फबारी और मैदानी इलाकों में लगातार बारिश के चलते तापमान में गिरावट आई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
मौसम विभाग भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में जम्मू-कश्मीर, मेघालय और त्रिपुरा के कई इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई। वहीं हिमाचल प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर, ओडिशा, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु और झारखंड सहित कई राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलीं।
तेज हवाओं का कहर
कई राज्यों में 50 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं, जबकि पंजाब, हरियाणा और उत्तराखंड में भी तेज हवाओं का असर देखा गया। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि होने से फसलों को नुकसान पहुंचने का खतरा और बढ़ गया है। उधर लगातार बारिश के कारण बारामुला के वाटरगाम इलाके में बाढ़ जैसे हालात बन गए,
अभी और बदलेगा मौसम
मौसम विभाग का अनुमान है कि 10 अप्रैल तक मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। दो सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के साथ एक तीसरा विक्षोभ 2 अप्रैल से प्रभावी होने वाला है, जिसके कारण पूरे सप्ताह बारिश, बर्फबारी और तेज हवाओं का सिलसिला जारी रह सकता है।
पूर्वोत्तर राज्यों में अलर्ट
अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय और त्रिपुरा में 1 से 3 अप्रैल के बीच भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वहीं बिहार, पश्चिम बंगाल, झारखंड और ओडिशा में भी बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहने की संभावना है।