भारत में बढ़ती जा रही कोरोना की रफ्तार, मरीजों की संख्या पहुंची 2700 पार, इंदौर में भी मिले तीन नए मरीज.
नई दिल्ली। भारत में कोरोना तेजी से पैर पसार रहा है। हर दिन मरीजों की संख्या में इजाफा होता जा रहा है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के अनुसार अब भारत में कोरोना से संक्रमित मरीजों की संख्या संख्या 2,710 तक पहुंच गई है। केरल में सबसे अधिक 727 एक्टिव केस, जबकि महाराष्ट्र में इनकी संख्या 467 है।
देश में कोरोना के चार वैरिएंट सक्रिय
भारत में 24 घंटों में 511 मामले सामने आए हैं। 255 लोग ठीक हुए हैं, वहीं 7 लोगों की मौत हुई है। जनवरी 2025 से अब तक 1170 लोग कोरोना को हराकर ठीक हुए हैं। वहीं, अब तक कुल 22 लोगों की मौत हो चुकी है। केरल में एक्टिव मामले 727 हो गए हैं। एक्सपर्ट का कहना है कि, कोरोना के नए वैरिएंट पर मौजूदा वैक्सीन बेअसर साबित हो रहा है। ऐसे में अगर चौथी लहर आई तो 21-28 दिन तक रहेगी। भारत के कई राज्यों में कोविड-19 के मामलों में बढ़ोतरी के बीच देश में चार नए वैरिएंट मिले हैं, जिसमें LF.7, XFG, JN.1 और NB.1.8.1 वैरिएंट शामिल हैं।
इंदौर में तीन और नए मरीज मिले
इंदौर में 3 नए कोरोना मरीज मिले हैं। इसके बाद इस साल अब तक मिले कोरोना मरीजों की संख्या 20 हो गई है। इनमें आधे लोगों की ट्रेवल हिस्ट्री मिली है। ये लोग यूके, केरल, अहमदाबाद, कोलकाता, मुंबई, गोवा, सूरत, उज्जैन, पुणे गए थे। इनकी कॉन्टेक्ट हिस्ट्री में पता चला कि इनमें केरल और पुणे के दो-दो मरीज हैं। जो तीन नए मरीज मिले उनमें एक 31 वर्षीय, दूसरा 35 वर्षीय और तीसरे युवक की उम्र 23 वर्ष है। 23 वर्षीय युवक की पुणे की ट्रैवल हिस्ट्री है।