गणतंत्र दिवस से पहले बड़ी आतंकी साजिश नाकाम: पंजाब पुलिस ने बब्बर खालसा के 4 हैंडलर दबोचे, 2.5 किलो RDX बरामद.
गणतंत्र दिवस से पहले बड़ी आतंकी साजिश नाकाम: पंजाब पुलिस ने बब्बर खालसा के 4 हैंडलर दबोचे, 2.5 किलो RDX बरामद
गणतंत्र दिवस से पहले पंजाब पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। होशियारपुर में की गई एक अहम कार्रवाई में पुलिस ने पाकिस्तान की आईएसआई समर्थित प्रतिबंधित आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) से जुड़े एक सक्रिय आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। इस ऑपरेशन में चार खतरनाक आतंकियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके पास से करीब 2.5 किलो आरडीएक्स से भरा आईईडी और दो पिस्तौल बरामद की गई हैं।
पंजाब के पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आतंकियों की पहचान दिलजोत सिंह, हरमन सिंह उर्फ हैरी/हरी, अजय उर्फ महिरा और अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श कंडोला के रूप में हुई है। ये सभी एसबीएस नगर जिले के राहों क्षेत्र के निवासी हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बरामद आईईडी का इस्तेमाल आगामी गणतंत्र दिवस समारोहों को निशाना बनाकर एक बड़े आतंकी हमले के लिए किया जाना था।
पुलिस के अनुसार यह आतंकी मॉड्यूल अमेरिका में बैठे बब्बर खालसा इंटरनेशनल के हैंडलरों द्वारा संचालित किया जा रहा था, जबकि विस्फोटक सामग्री पाकिस्तान की आईएसआई के जरिए मुहैया कराई गई थी। इस गिरोह का मकसद पंजाब की शांति भंग करना और टारगेटेड हमलों को अंजाम देना था।
खुफिया सूचना के आधार पर कार्रवाई की। फिलहाल चारों आतंकियों से गहन पूछताछ जारी है और उनके अन्य साथियों व नेटवर्क के आगे-पीछे के लिंक खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि इस मामले में आगे और भी अहम खुलासे होने की संभावना है।