मुकेश अंबानी के भाई अनिल अंबानी पर ईडी का बड़ा एक्शन, मुंबई का घर अबोड किया कुर्क, 3716 करोड़ रुपए है कीमत.
मुंबई। प्रसिद्ध उद्योगपति मुकेश अंबानी के भाई अनिल अंबानी पर प्रर्वतन निदेशालय (ईडी) ने बड़ा एक्शन लिया है। ईडी ने एंटी-मनी लॉन्ड्रिंग कानून के तहत अनिल अंबानी के मुंबई स्थित घर ‘अबोड’ को कुर्क किया है। इसका मूल्य 3,716 करोड़ रुपये है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ईडी ने बुधवार को रिलायंस ग्रुप के चेयरमैन अनिल अंबानी के मुंबई वाले घर 'अबोड' को एंटी-मनी लॉन्ड्रिंग कानून के तहत अटैच कर लिया है। इसकी कीमत 3,716 करोड़ रुपये है। यह शानदार घर 66 मीटर ऊंचा है। इसमें 17 मंजिलें हैं। यह मुंबई के पाली हिल इलाके में स्थित है। सूत्रों के मुताबिक, प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत एक प्रोविजनल ऑर्डर जारी किया गया है ताकि उनकी ग्रुप कंपनी रिलायंस कम्युनिकेशंस की ओर से बैंक फ्रॉड से जुड़े मामले में मल्टी-स्टोरी घर को अटैच किया जा सके।
सुप्रीम कोर्ट ने तेज कार्रवाई के दिए थे निर्देश
उल्लेखनीय है कि इस महीने की शुरुआत में सुप्रीम कोर्ट ने ईडी को विशेष जांच टीम गठित करने के निर्देश दिए थे। इसमें कहा गया था कि यह टीम रिलायंस कम्युनिकेशंस, उसकी मूल कंपनियों और रिलायंस ग्रुप के चेयरमैन अनिल अंबानी के खिलाफ बड़े पैमाने पर बैंक धोखाधड़ी के आरोपों की जांच करे। सुप्रीम कोर्ट ने यह भी टिप्पणी की थी कि दोनों एजेंसियों की जांच की रफ्तार धीमी रही है। अदालत ने अब निष्पक्ष जांच की उम्मीद जताई है और सीबीआई तथा ईडी को निर्देश दिया है कि वे समय-समय पर जांच की प्रगति की जानकारी कोर्ट को दें।