बारामती विमान हादसा: अजित पवार की मौत मामले में केंद्रीय जांच की मांग तेज.
बारामती विमान हादसा: अजित पवार की मौत मामले में केंद्रीय जांच की मांग तेज
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की 28 जनवरी को पुणे जिले के बारामती के पास हुए विमान हादसे में मृत्यु हो गई थी। अब इस मामले में राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो द्वारा जांच कराने का अनुरोध किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महायुति सरकार इस विमान दुर्घटना से जुड़े सभी संदेहों को दूर करना चाहती है। उन्होंने बताया कि भारतीय जनता पार्टी की सहयोगी पार्टी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की ओर से विमान हादसे की केंद्रीय जांच की मांग करते हुए एक पत्र प्राप्त हुआ था, जिसके बाद उन्होंने गृह मंत्री से चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नागरिक उड्डयन महानिदेशालय और राज्य की अपराध अन्वेषण विभाग की जांच के साथ-साथ केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो से भी जांच कराने का अनुरोध किया गया है। उन्होंने बताया कि नागरिक उड्डयन महानिदेशालय संबंधित विमानन कंपनी का लेखा-परीक्षण कर रहा है और सभी अभिलेखों की जांच की जा रही है। उन्होंने अपील की कि जांच रिपोर्ट आने तक अटकलों से बचना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि यदि किसी प्रकार का संदेह सामने आता है तो उसे उचित प्राधिकरण के पास भेजा जाएगा और जांच की नियमित निगरानी भी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें नहीं लगता कि नागरिक उड्डयन महानिदेशालय या नागरिक उड्डयन मंत्रालय के पास छिपाने के लिए कुछ है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि वे स्वयं भी कई बार उसी विमान से यात्रा कर चुके हैं।
गौरतलब है कि 28 जनवरी को बारामती के समीप विमान को उतारने के प्रयास के दौरान यह दुर्घटना हुई थी, जिसमें अजित पवार की जान चली गई थी ।