ऐतिहासिक क्षण: नरेंद्र मोदी का इजराइल दौरा, बिन्यामिन नेतन्याहू ने किया स्वागत.
इजराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने घोषणा की है कि भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को इजराइल के दौरे पर आ रहे हैं। उन्होंने रविवार को कैबिनेट बैठक की शुरुआत में इस बहुप्रतीक्षित यात्रा की जानकारी दी और इसके “ऐतिहासिक महत्व” को रेखांकित किया।
नेतन्याहू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “इजराइल और भारत के बीच संबंधों का आधार विश्व के दो नेताओं के बीच मजबूत गठबंधन है। हम इनोवेशन, सिक्योरिटी और साझा रणनीतिक दृष्टिकोण में साझेदार हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “हम मिलकर ऐसे देशों का गठबंधन बना रहे हैं जो स्थिरता और प्रगति के लिए प्रतिबद्ध हैं। एआई से लेकर क्षेत्रीय सहयोग तक, हमारी साझेदारी लगातार नई ऊंचाइयों को छू रही है।”
नेतन्याहू ने अपने संदेश के अंत में कहा, “प्रधानमंत्री मोदी, यरूशलम में आपसे मुलाकात का इंतजार है!”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी नेतन्याहू के पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए भारत-इजराइल संबंधों को मजबूत और स्थायी बताया। उन्होंने कहा, “भारत इजराइल के साथ अपनी गहरी दोस्ती को अत्यंत महत्व देता है। यह संबंध आपसी विश्वास, इनोवेशन और शांति व प्रगति की साझा आकांक्षा पर आधारित है।”
हालांकि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने पोस्ट में दौरे की सटीक तारीख या समय का उल्लेख नहीं किया, लेकिन उन्होंने इजराइल यात्रा की पुष्टि कर दी है।
अब तक भारतीय विदेश मंत्रालय की ओर से इस दौरे को लेकर कोई आधिकारिक विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है।