भोपाल के भाजयुमो के पूर्व मंडल महामंत्री ने की आत्महत्या की कोशिश, हाल ही में वायरल हुआ था एक महिला के साथ अश्लील वीडियो.


भोपाल। भोपाल में भाजयुमो के पूर्व मंडल महामंत्री जीत निशोदे ने आत्महत्या की कोशिश की है। हाल ही में निशोदे का एक महिला के साथ अश्लील वीडियो वायरल हुआ था। इसके बाद पार्टी ने उन्हें पद से हटा दिया था। कांग्रेस ने इस मामले में भाजपा पर जमकर निशाना साधा था।
बताया जाता है कि इस घटनाक्रम से निशोदे डिप्रेशन में आ गए थे। इसके बाद उन्होंने गुरुवार दोपहर फांसी लगाकर जान देने की कोशिश की। परिवार ने देखा तो फंदे से उतारकर अस्पताल ले आए, जहां उनकी हालत गंभीर है। इस बीच बताया जाता है कि निशोदे के साथ जो महिला थी, उसने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर वीडियो वायरल करने के आरोप लगाए हैं। उसने इस संबंध में एक वीडियो भी जारी किया है और कहा है कि कांग्रेस के कुछ लोगों ने मिलकर मेरे और मेरे होने वाले पति का निजी वीडियो को चोरी-छिपे बनाकर वायरल कर दिया। इनमें अंकित दुबे शामिल हैं। मेरे होने वाले पति भाजपा में हैं। राजनीति से जुड़े हैं। उन लोगों ने बदनाम करने के लिए ऐसा किया। युवती ने कहा कि उसने शाहपुरा थाने में एफआईआर कराई है, लेकिन वो लोग आनाकानी कर रहे हैं। युवती ने दावा किया कि उसने पीसीसी चीफ जीतू पटवारी को भी फोन किया था, लेकिन उन्होंने टाल दिया।