रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने आईपीएल 2025 अपने नाम किया, फाइनल में पंजाब किंग्स को दी शिकस्त.
अहमदाबाद। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने आईपीएल 2025 अपने नाम कर लिया है। मंगलवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मैच में आरसीबी ने पंजाब किंग्स को शिकस्त देकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले बॉलिंग का फैसला लिया था। आरसीबी ने पंजाब को 191 रन का टारगेट दिया था। उसने 20 ओवर में 9 विकेट पर 190 रन बनाए। टीम के लिए विराट कोहली ने सबसे ज्यादा 43 रन बनाए। रजत पाटीदार ने 26, लियाम लिविंगस्टोन ने 25, जितेश शर्मा और मयंक अग्रवाल ने 24-24 रन बनाए। रोमारियो शेफर्ड के बल्ले से 17 और फिलिप साल्ट के बल्ले से 16 रन निकले। पंजाब के लिए अर्शदीप सिंह और कायेल जेमीसन ने 3-3 विकेट लिए। युजवेंद्र चहल, विजयकुमार वैशाख और अजमतुल्लाह उमरजई ने 1-1 विकेट झटके।
पंजाब ने ओपनिंग में 2 अनकैप्ड खिलाड़ियों को उतारा। प्रियांश आर्य और प्रभसिमरन सिंह ने अपनी टीम को तेज शुरुआत दिलाई, लेकिन प्रियांश 24 रन बनाकर आउट हो गए। पंजाब का स्कोर एक विकेट के नुकसान पर 72 रन हो गया था, लेकिन अगले 26 रन के भीतर पंजाब ने 3 महत्वपूर्ण विकेट गंवा दिए। इस महत्वपूर्ण मैच में कप्तान श्रेयस अय्यर भी केवल 1 रन बना पाए। देखते-देखते पंजाब ने 98 के स्कोर पर 4 विकेट गंवा दिए थे। नेहल वाढ़ेरा और शशांक सिंह ने धीरे-धीरे पारी को आगे बढ़ाते हुए मिलकर 38 रन जोड़े, लेकिन फिर खिलाड़ियों के आउट होने का सिलसिला चल पड़ा।
विराट की आंखों में खुशी के आंसू
आरसीबी के 190 रन के जवाब में पंजाब निर्धारित ओवरों में सात विकेट खोकर सिर्फ 184 रन ही बना पाई। इसी के साथ आरसीबी ने छह रन से यह मुकाबला अपने नाम कर लिया और अपना पहला खिताब जीत लिया। आरसीबी की जीत तय होते ही विराट कोहली की आंखों में खुशी के आंसू दिखे।