कोहली–पडिक्कल का तूफान: आरसीबी ने 15 ओवर में ही रौंदा हैदराबाद, शानदार जीत से शुरुआत.
कोहली–पडिक्कल का तूफान: आरसीबी ने 15 ओवर में ही रौंदा हैदराबाद, शानदार जीत से शुरुआत
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद को छह विकेट से हराकर आईपीएल 2026 की विजयी शुरुआत की। बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में आरसीबी ने 202 रनों का बड़ा लक्ष्य महज 15.4 ओवर में हासिल कर लिया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए हैदराबाद ने 20 ओवर में नौ विकेट पर 201 रन बनाए। टीम की ओर से ईशान किशन ने 80 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि अनिकेत वर्मा ने 43 रन बनाकर टीम को 200 के पार पहुंचाया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की शुरुआत खराब रही और फिल सॉल्ट जल्दी आउट हो गए। इसके बाद देवदत्त पडिक्कल और विराट कोहली ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। दोनों के बीच सिर्फ 45 गेंदों में 101 रनों की साझेदारी हुई।
पडिक्कल ने मात्र 21 गेंदों में अर्धशतक जड़ते हुए 26 गेंदों पर 61 रन बनाए, जिसमें सात चौके और चार छक्के शामिल रहे। वहीं कोहली ने 38 गेंदों पर 69 रन की शानदार पारी खेली और अपना 64वां आईपीएल अर्धशतक पूरा किया।
कप्तान रजत पाटीदार ने भी 12 गेंदों पर 31 रन बनाकर जीत को आसान बना दिया। अंत में टिम डेविड नाबाद रहे और टीम को जीत तक पहुंचाया।
हैदराबाद की गेंदबाजी में डेविड पायने ने दो विकेट लिए, जबकि जयदेव उनादकट और हर्ष दुबे को एक-एक सफलता मिली।
इससे पहले हैदराबाद की शुरुआत खराब रही, लेकिन ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन ने 97 रनों की साझेदारी कर टीम को संभाला। क्लासेन ने 31 रन बनाए।
आरसीबी की ओर से गेंदबाजी में जैकब डफी और रोमारियो शेफर्ड ने तीन-तीन विकेट झटके, जबकि भुवनेश्वर कुमार, अभिनंदन सिंह और सुयश शर्मा को एक-एक विकेट मिला।