पुडुचेरी में पीएम मोदी ने रोड शो कर बनाया चुनावी माहौल, भारत माता की जय और जय श्रीराम के लगे नारे.
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को पुडुचेरी में थे। वहां उन्होंने रोड शो कर विधानसभा चुनाव के लिए माहौल बनाया। रोड शो में उनके साथ एनडीए के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। रोड शो के दौरान भारी संख्या में लोग जुटे और भारत माता की जय के नारे लगे।
शुक्रवार को प्रधानमंत्री मोदी पुडुचेरी हवाई अड्डे पर उतरने के बाद वहां से वे अजंता सिग्नल जंक्शन पहुंचे, जहां से रोड शो शुरू हुआ। पीएम मोदी का रोड शो अन्ना सलाई में करीब 1.2 किलोमीटर के एरिया से होकर गुजरा। इसके बाद यह कामराज की प्रतिमा के पास खत्म हुआ। उन्होंने रोड शो के दौरान, पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से बातचीत की। सड़क के दोनों ओर खड़े लोगों ने भारत माता की जय और जयश्री राम के नारे लगाकर प्रधानमंत्री का स्वागत किया। रोड शो में हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे के मद्देनजर यहां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था का इंतजाम किया गया था। अर्धसैनिक बलों के साथ-साथ मौके पर 1 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया गया था। पीएम मोदी 4 अप्रैल को केरल पहुंचेंगे, जहां तिरुवल्ला में जनसभा को संबोधित करेंगे। फिर तिरुवनंतपुरम में उनका रोड शो होगा।