कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज में भीषण आग: 10 मरीजों की मौत, शॉर्ट सर्किट की आशंका, न्यायिक जांच के आदेश.
कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज में भीषण आग: 10 मरीजों की मौत, शॉर्ट सर्किट की आशंका, न्यायिक जांच के आदेश
ओडिशा के कटक स्थित एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में आग लगने की दुखद घटना में 10 लोगों की मौत हो गई है। इस घटना की जानकारी राज्य के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने दी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि एससीबी मेडिकल कॉलेज से ट्रॉमा केयर सेंटर में संभवतः शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी। ट्रॉमा सेंटर से सटे आईसीयू में उस समय 23 मरीज भर्ती थे।
उन्होंने कहा कि आग की इस घटना में सात मरीजों की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आईसीयू में भर्ती मरीजों को दूसरी जगह स्थानांतरित किया गया, लेकिन स्थानांतरण के दौरान तीन और मरीजों की जान चली गई।
मुख्यमंत्री माझी ने बताया कि पूरे मामले की न्यायिक जांच के आदेश दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।