ओडिशा में कालबैशाखी तूफान का कहर: दो लोगों की मौत, परिवारों को 4-4 लाख रुपये सहायता का एलान.
ओडिशा में कालबैशाखी तूफान का कहर: दो लोगों की मौत, परिवारों को 4-4 लाख रुपये सहायता का एलान
ओडिशा सरकार ने मयूरभंज जिले के करंजिया क्षेत्र में आए कालबैशाखी तूफान से जान गंवाने वाले दो लोगों के परिवारों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मुआवजे का एलान किया।
राज्य सरकार ने बताया कि यह सहायता राशि राहत योजना के तहत स्वीकृत की गई है। खराब मौसम और तेज आंधी-तूफान के कारण इलाके में भारी नुकसान हुआ है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, मयूरभंज जिले में तेज हवाओं और खराब मौसम के दौरान यह हादसा हुआ, जिसमें दो लोगों की जान चली गई। घटना के बाद राज्य सरकार ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने घायलों को मुफ्त इलाज उपलब्ध कराने का भी आदेश दिया है। साथ ही स्थानीय अधिकारियों को स्थिति पर लगातार नजर रखने और प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता देने के निर्देश दिए गए हैं।
बताया जा रहा है कि किआ गांव में आए तेज तूफान ने भारी तबाही मचाई। तेज हवाओं के कारण बड़े-बड़े पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए और कई घरों को नुकसान पहुंचा।
तूफान का असर इतना तेज था कि एक ऑटो रिक्शा हवा में उछलकर पास के तालाब में जा गिरा। रिपोर्ट के अनुसार इस आंधी में 70 से अधिक घरों को नुकसान पहुंचा है।
इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।