डेनवर एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला: टेकऑफ से पहले अमेरिकन एयरलाइंस के विमान में लगी आग, 173 यात्रियों की जान बची.
डेनवर एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला: टेकऑफ से पहले अमेरिकन एयरलाइंस के विमान में लगी आग, 173 यात्रियों की जान बची
अमेरिका के डेनवर एयरपोर्ट पर शनिवार को एक बड़ा विमान हादसा टल गया, जब मियामी जा रही अमेरिकन एयरलाइंस की फ्लाइट AA-3023 के लैंडिंग गियर में आग लग गई। इस घटना के समय विमान में 173 यात्री और छह क्रू मेंबर सवार थे। आग लगते ही यात्रियों को इमरजेंसी स्लाइड के जरिए बाहर निकाला गया। सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल हो गया है, जिसमें धुएं के बीच लोग जान बचाकर भागते दिखाई दे रहे हैं।

यह घटना उस समय हुई जब बोइंग 737 मैक्स 8 विमान टेकऑफ की तैयारी कर रहा था। लैंडिंग गियर में तकनीकी खराबी के चलते धुआं उठने लगा और फिर आग लग गई। फौरन डेनवर एयरपोर्ट प्रशासन और फायर डिपार्टमेंट को अलर्ट किया गया। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने तत्काल आग पर काबू पाया।
अमेरिकन एयरलाइंस और डेनवर एयरपोर्ट की ओर से जारी बयान के अनुसार, इस हादसे में एक व्यक्ति को मामूली चोट आई, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल भेजा गया। पांच अन्य यात्रियों की भी जांच की गई, लेकिन उन्हें अस्पताल भेजने की जरूरत नहीं पड़ी। सभी यात्रियों को बस से टर्मिनल तक सुरक्षित पहुंचाया गया।
एयरलाइंस ने बताया कि विमान में उड़ान से पहले ही टायर से संबंधित मेंटेनेंस समस्या की चेतावनी मिली थी, जो बाद में गंभीर रूप ले बैठी। आग लगने के बाद विमान को सेवा से हटा दिया गया है और इसकी जांच शुरू कर दी गई है। एयरलाइंस ने यात्रियों से असुविधा के लिए माफी मांगते हुए कर्मचारियों की तत्परता की सराहना की है।
फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने घटना की जांच शुरू कर दी है। आग लगने के बाद कुछ समय के लिए डेनवर एयरपोर्ट पर अन्य उड़ानें रोक दी गई थीं, लेकिन स्थिति सामान्य होने के बाद उड़ान संचालन फिर से शुरू हो गया।