गाजा में भुखमरी गहराई: हर तीसरा व्यक्ति भूखा, 90 हज़ार महिलाएं और बच्चे कुपोषण से पीड़ित – वर्ल्ड फ़ूड प्रोग्राम.
गाजा में भुखमरी गहराई: हर तीसरा व्यक्ति भूखा, 90 हज़ार महिलाएं और बच्चे कुपोषण से पीड़ित – वर्ल्ड फ़ूड प्रोग्राम
संयुक्त राष्ट्र के वर्ल्ड फ़ूड प्रोग्राम ने गाजा में भुखमरी की विकराल स्थिति को लेकर गंभीर चेतावनी जारी की है। एजेंसी ने बताया है कि हर तीन में से एक व्यक्ति कई दिनों से बिना भोजन के जीवन गुजार रहा है, जबकि 90,000 से अधिक महिलाओं और बच्चों को तुरंत चिकित्सकीय मदद की आवश्यकता है।

डब्ल्यूएफपी ने अपने बयान में कहा, गाजा में कुपोषण तेजी से बढ़ रहा है और स्थिति और भी खराब होने की आशंका है।"
गाजा के हमास-संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, शुक्रवार को कुपोषण से नौ और लोगों की मौत हो गई, जिससे 7 अक्तूबर 2023 को इजराइल-हमास युद्ध शुरू होने के बाद से कुपोषण से मरने वालों की कुल संख्या 122 हो चुकी है।
हालांकि, इजराइल ने इस आरोप को खारिज करते हुए कहा है कि वह गाजा में मानवीय सहायता की आपूर्ति को नहीं रोक रहा है और इस मानवीय संकट के लिए हमास को जिम्मेदार ठहराया है।
गाजा में हालात दिन-ब-दिन बिगड़ते जा रहे हैं। हमास के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, 7 अक्तूबर 2023 से अब तक 59,000 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं, जिससे यह इलाका मानवता के गंभीर संकट की ओर बढ़ रहा है।