बड़ा हादसा टला: कर्नाटक में चलती बस में लगी भीषण आग, ड्राइवर की सूझबूझ से 36 यात्रियों की जान बची .
बड़ा हादसा टला: कर्नाटक में चलती बस में लगी भीषण आग, ड्राइवर की सूझबूझ से 36 यात्रियों की जान बची
कर्नाटक के होसानगर से बैंगलुरु जा रही एक निजी बस में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के वक्त बस में 36 यात्री सवार थे। गनीमत रही कि ड्राइवर की सतर्कता और सूझबूझ से सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
आग की लपटें उठते ही बस में चीख-पुकार मच गई। यात्रियों के बस से उतरने के दौरान 10 लोग मामूली रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। पुलिस के मुताबिक सभी की हालत स्थिर है और किसी को गंभीर चोट नहीं आई है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि इंजन के पास से अचानक धुआं निकलने लगा। खतरे को भांपते हुए ड्राइवर ने तुरंत बस को सड़क किनारे रोका और जोर-जोर से चिल्लाकर यात्रियों को नीचे उतरने के लिए कहा। यात्रियों के उतरते ही आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही देर में बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है।
ड्राइवर ने समय पर फुर्ती न दिखाई होती, तो यह हादसा जानलेवा साबित हो सकता था। पुलिस अब बस मालिक और ड्राइवर से पूछताछ कर रही है ताकि तकनीकी खामियों की पूरी जांच की जा सके।