सप्ताह के तीसरे कारोबारी दिन बुधवार को हरे निशान में बंद हुआ शेयर बाजार, सेंसेक्स में 633.29 अंकों की तेजी, निफ्टी 196.65 अंक ऊपर.
मुंबई। सप्ताह के तीसरे कारोबारी दिन बुधवार 18 मार्च को शेयर बाजार हरे निशान में बंद हुआ। बीएसई सेंसेक्स 633.29 अंकों की तेजी के साथ 76,704.13 पर और एनएसई निफ्टी 196.65 अंक की बढ़त के साथ 23777.80 के स्तर पर बंद हुआ। एफएमसीजी और मेटल सेक्टर को छोड़कर बाकी सभी सेक्टोरल इंडेक्स बढ़त के साथ बंद हुए।
आज के कारोबार में रियल्टी, आईटी, ऑटो, मीडिया, कैपिटल गुड्स, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, टेलीकॉम और इंफ्रा सेक्टर में तेजी रही। निफ्टी में जियो फाइनेंशियल, टेक महिंद्रा, इंफोसिस, इटरनल और एमएंडएम के शेयरों में तेजी रही। दूसरी तरफ कोल इंडिया, एनटीपीसी, एचयूएल, सिप्ला और सन फार्मा के शेयर गिरावट में रहे। आज के कारोबार में सेंसेक्स के 30 में से अधिकांश शेयर हरे निशान में बंद हुए। इटरनल, टेक महिंद्रा, अडानी पोर्ट्स, एचसीएल टेक और इंफोसिस के शेयरों में तेजी रही, वहीं एनटीपीसी, एचयूएल, सन फार्मा और आईटीसी के शेयर गिरावट में रहे। शेयर बाजार में बढ़त का यह लगाता तीसरा सत्र था। निफ्टी और सेंसेक्स तीन दिन में करीब 3 फीसदी बढ़ चुके हैं। व्यापक खरीदारी के चलते मार्केट कैप में तीन दिन में करीब 10 लाख करोड़ की वृद्धि हुई है।