दुबई के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास ड्रोन हमले के बाद एयर इंडिया ने अस्थायी तौर पर रद्द की उड़ानें.
नई दिल्ली। मिडिल ईस्ट में तनाव के कारण दुबई को भी निशाना बनाया जा रहा है। सोमवार को दुबई के अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के पास ड्रोन हमले से एक फ्यूल टैंक में आग लग गई। इसके बाद वहां विमानों का परिचालन बंद कर दिया गया है। एयर इंडिया ने भी दुबई की सारी उड़ानें अस्थायी तौर पर रद्द कर दी हैं।
एयर इंडिया ने एक्स पर लिखा कि दुबई में उड़ान संचालन निलंबित। दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे ने हवाई अड्डे से आने-जाने वाली सभी उड़ान सेवाओं को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है। इस वजह से एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस की दुबई आने-जाने वाली उड़ानें आज के लिए रद्द कर दी गई हैं। उल्लेखनीय है कि तिरुवनंतपुरम से दुबई जाने वाली अमीरात की एक फ्लाइट सोमवार को गंतव्य हवाई अड्डे पर सुरक्षा संबंधी घटना की सूचना मिलने के बाद वापस लौट आई। दरअसल दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के बंद होने के बाद अमीरात की टीआरवी-डीएक्सबी उड़ान बीच रास्ते से ही लौट आई। यह विमान तिरुवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरी। 353 यात्रियों और 19 चालक दल के सदस्यों वाली यह उड़ान सुबह 4.40 बजे रवाना हुई और सुबह 8.40 बजे वापस लौटी। इससे पहले, अमीरात की एक अन्य उड़ान, ईके533, जो सुबह 4.30 बजे 325 लोगों को लेकर कोचीन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से रवाना हुई थी, दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के अचानक बंद होने के कारण वापस लौट आई और कोच्चि हवाई अड्डे पर उतरी।
दुबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा के आसपास एक ड्रोन से संबंधित घटना के कारण आग लग गई है। इस हमले के बाद सुरक्षा के तौर पर कई सड़कों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। दुबई पुलिस ने बताया कि एयरपोर्ट रोड और एयरपोर्ट टनल को फिलहाल बंद कर दिया गया है। वहीं, वाहन चालकों से दूसरे रास्तों का इस्तेमाल करने की अपील की गई है। अधिकारियों के मुताबिक, इलाके में आपातकालीन राहत और बचाव कार्य जारी है, इसलिए ट्रैफिक को वहां से हटाया गया है।