स्मॉग की गिरफ्त में दिल्ली: AQI 400 के पार, सांस लेना हुआ मुश्किल.
स्मॉग की गिरफ्त में दिल्ली: AQI 400 के पार, सांस लेना हुआ मुश्किल
राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण एक बार फिर गंभीर श्रेणी में पहुंच गया है। शनिवार सुबह की शुरुआत धुंध और हल्के कोहरे के साथ हुई, जबकि आसमान पर स्मॉग की मोटी चादर छाई रही। कई इलाकों में जहरीली स्मॉग के कारण दृश्यता बेहद कम हो गई। हालात ऐसे रहे कि लोग मास्क पहनकर बाहर निकलते दिखे और सांस के मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 400 के पार दर्ज किया गया, जो हवा की गंभीर स्थिति को दर्शाता है।
शनिवार सुबह एम्स क्षेत्र ,आनंद विहार में हालात और भी खराब रहे, जहां AQI 434 दर्ज किया गया, जिसे केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) ने गंभीर श्रेणी में रखा है।
आईटीओ क्षेत्र में भी जहरीली स्मॉग की मोटी परत छाई रही। यहां AQI 417 रिकॉर्ड किया गया, जो गंभीर श्रेणी में आता है। वहीं, अक्षरधाम क्षेत्र के आसपास AQI 419 दर्ज हुआ।
संसद मार्ग इलाके में भी दृश्यता कम रही, जहां AQI 356 रहा, जिसे सीपीसीबी ने बहुत खराब श्रेणी में रखा है।
बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र और आसपास के इलाकों में वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने वाहनों से होने वाले प्रदूषण को कम करने के लिए एक विशेषज्ञ समिति का गठन किया है।केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के पूर्वानुमान के मुताबिक, रविवार और सोमवार को भी हवा बेहद खराब से गंभीर श्रेणी में रहने की आशंका है। इससे सांस के मरीजों की परेशानियां बढ़ सकती हैं, वहीं लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने में दिक्कत जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। शनिवार को भी राजधानी के कई इलाकों में हवा गंभीर और बेहद खराब श्रेणी में दर्ज की गई।