भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री के लिए 1200 श्रोताओं की भीड़ भी न जुटा पाए महापौर, कई बड़े नेताओं ने जताई नाराजगी.


इंदौर। स्टूडेंट्स फॉर वन नेशन वन इलेक्शन फोरम के तत्वावधान में सोमवार को इंदौर के लता मंगेशकर सभागार में प्रदेश स्तरीय छात्र सम्मेलन आयोजित किया गया। मध्यप्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, मुख्य वक्ता और संगठन के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल, भाजपा के प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह, प्रदेश महामंत्री हितानंद शर्मा सहित अनेक वरिष्ठ नेता इसमें शामिल हुए। विडंबना यह कि मात्र 1200 की क्षमता वाले सभागार को भी महापौर पुष्यमित्र भार्गव भर नहीं पाए। इसके कारण करीब डेढ़ घंटे की देरी से कार्यक्रम शुरू हुआ।
बताया जाता है कि कार्यक्रम में राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल सहित सारे नेता तय समय 11 बजे से पहले ही कार्यक्रम में पहुंच गए थे। जब कार्यक्रम काफी देर तक शुरू नहीं हुआ तो वरिष्ठ नेताओं ने पूछा। उन्हें बताया गया कि कई स्टूडेंट अभी नहीं पहुंचे हैं। वरिष्ठ नेता करीब डेढ़ घंटे इंतजार करते रहे। इस बाद कार्यक्रम शुरू हो पाया। इस कार्यक्रम के आयोजन की जिम्मेदारी वन नेशन वन इलेक्शन प्रदेश समिति के सह-संयोजक पुष्यमित्र भार्गव की थी। बताया जाता है कि कार्यक्रम देरी से शुरू होने तथा इस छोटे से सभागार के खाली रह जाने के कारण वरिष्ठ नेताओं ने अपनी नाराजगी जाहिर की है।
बंसल ने छात्रों को बताए बार-बार चुनाव के नुकसान
राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल ने कहा कि बार-बार होने वाले चुनाव देश को आर्थिक और प्रशासनिक रूप से कमजोर करते हैं। 1995 से 2025 तक कोई वर्ष ऐसा नहीं रहा जब चुनाव न हुए हों। सिर्फ चुनावी प्रक्रिया पर ही 7 लाख करोड़ रुपए खर्च हो जाते हैं। बार-बार चुनाव होने से नीति निर्माण बाधित होता है, जबकि एक साथ चुनाव से समय और संसाधन दोनों की बचत होगी। उन्होंने युवाओं को इसे एक बड़े सोशल रिफॉर्म के रूप में देखने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश में जितने ज्यादा चुनाव होंगे, उतनी राजनीति होगी, जितनी राजनीति होगी, उतना विकास कार्य कम होगा। इस देश में विकास ज्यादा हो उसके लिए एक देश एक चुनाव जरूरी है।
इमरजेंसी के बाद टूटी परंपरा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि आजादी के बाद देश में एक साथ चुनाव की परंपरा थी, लेकिन इमरजेंसी के बाद यह टूट गई। विपक्ष को डर है कि लोकसभा की लहर विधानसभा चुनावों को प्रभावित कर सकती है। देश का मतदाता बहुत समझदार है। दुनिया के कई देश ने एक देश एक चुनाव की दिशा में यह काम शुरू कर दिया है। सम्मेलन को भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह आदि ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष जीतू जिराती, प्रदेश महामंत्री कविता पाटीदार, संभाग प्रभारी राघवेन्द्र गौतम, युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री रोहित चहल, नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा एवं विधायक मधु वर्मा सहित छात्र नेता डॉ. रोहिन राय एवं गजेन्द्र तोमर उपस्थित थे।