इंदौर में एसआईआर के बीच निर्वाचन सुपरवाइजर अंतिम दुबे छुट्टी लेकर मना रहे पार्टी, कलेक्टर ने कहा-करेंगे कार्रवाई.
इंदौर। देश के 12 राज्यों में एसआईआर की प्रक्रिया चरम पर है। इंदौर में भी कलेक्टर से लेकर सारे अधिकारी काम के दबाव में हैं, लेकिन यहां के निर्वाचन सुपरवाइजर अंतिम दुबे बेटे की शादी के लिए अवकाश पर चल रहे हैं। उनका एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वे एक फार्म हाउस पर निर्वाचन वेंडरों के साथ पार्टी कर रहे हैं।
इंदौर में एसआईआर की प्रक्रिया जोरों पर है और काम में देरी होने पर वरिष्ठ अधिकारियों को फटकार भी मिल रही है। ऐसे में निर्वाचन सुपरवाजर अंतिम दुबे का छुट्टी पर चले जाना चर्चा का विषय है। पता चला कि दुबे अपने बेटे की शादी के नाम पर 17 नवंबर से 5 दिसंबर तक छुट्टी पर हैं। ऐसे में उनका एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वे वेंडरों के साथ पार्टी में झूमते हुए नजर आ रहे हैं। इस वीडियो में उनके साथ भरत सिंह, यशवंत, राकेश जोशी, आदि नजर आ रहे हैं, जिनके पास मतदाता पत्रकों की छपाई की जिम्मेदारी है।
मतदाता पत्रक छपने में हो रही देरी
इंदौर में एसआईआर के पीछे होने का कारण मतदाता पत्रक की छपाई में देरी है। अब कहा जा रहा है कि जब निर्वाचन सुपरवाइजर ही वेंडरों के साथ पार्टी मनाता दिख रहा है तो उनके साथ सख्ती कौन करेगा? लोग सवाल उठा रहे हैं कि इतने महत्वपूर्ण कार्य के बीच निर्वाचन सुपरवाइजर इतनी लंबी छुट्टी पर कैसे जा सकते हैं?
कलेक्टर ने कहा- करेंगे कार्रवाई
कलेक्टर शिवम वर्मा ने कहा कि निर्वाचन सुपरवाइजर अंतिम दुबे का एक वीडियो आया है। यह बहुत ही गंभीर मामला है। इतने महत्वपूर्ण कार्य के बीच ऐसा व्यवहार अनुचित है। दुबे को कारण बताओ नोटिस दिया जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी।
नोटिस देकर 48 घंटे में मांगा जवाब
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर शिवम वर्मा ने निर्वाचन पर्यवेक्षक अंतिम दुबे को नोटिस जारी कर दिया है। इसमें सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का हवाला देते हुए कहा गया है कि आप किन्हीं व्यक्तियों के साथ, किसी स्थान पर फिल्मी गीतों पर नृत्य करते हुए दिखाई दे रहे हैं। मीडिया का कहना है कि आपके साथ डांस कर रहे लोग एसआईआर के गणना पत्रक प्रिंट करने वाले वेंडर हैं। एसआईआर के गणना पत्रक प्रिंट करने वाली वेंडर संस्थान के पदाधिकारियों के साथ पार्टी करने के कारण जिले में गणना पत्रक प्रिंटिंग के कार्य में अति-विलंब हुआ है। इससे जिला निर्वाचन कार्यालय इन्दौर एवं निर्वाचन आयोग की छवि धूमिल होने की स्थिति निर्मित हुई है। आपका उपरोक्त कृत्य स्वेच्छाचारिता एवं एसआईआर जैसे महत्वपूर्ण कार्यों के कर्तव्य निर्वहन में घोर लापरवाही तथा अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। कलेक्टर ने दुबे से 48 घंटे में जवाब मांगा है। अगर जवाब नहीं आता तो एकपक्षीय कार्यवाही की जाएगी।