तमिलनाडु के तेनकासी में भीषण सड़क हादसा, आमने-सामने से भिड़ी दो बसें, 6 लोगों की मौत, 28 घायल.
चेन्नई। तमिलनाडु के तेनकासी जिले में सोमवार को भीषण सड़क हादसा हुआ है। दो प्राइवेट बसों की आमने-सामने की टक्कर में 6 लोगों की मौत हो गई और 28 लोग घायल हो गए।

पुलिस के मुताबिक एक प्राइवेट बस मदुरै से शेनकोट्टई जा रही थी, जबकि दूसरी बस तेनकासी से कोविलपट्टी की ओर जा रही थी। दोनों बसों के बीच इतनी तेज टक्कर हुई कि वे पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गईं। स्थानीय प्रशासन और दमकल विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर यात्रियों को बाहर निकाला। बताया जाता है कि मदुरै से शेनकोट्टई जा रही बस के चालक की लापरवाही और तेज रफ्तार के कारण यह हादसा हुआ है। सभी 28 घायलों को आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार कई घायलों की हालत काफी गंभीर है और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। पुलिस ने घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।