दावोस पर राजीव शुक्ला का तंज: “वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम या इंडिया इकोनॉमिक फोरम?”.
दावोस पर राजीव शुक्ला का तंज: “वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम या इंडिया इकोनॉमिक फोरम?”
कांग्रेस नेता राजीव शुक्ला ने स्विट्जरलैंड के दावोस में चल रही वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (WEF) की बैठक को लेकर तीखी टिप्पणी की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सवाल उठाते हुए लिखा कि यह सम्मेलन अब वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम कम और इंडिया इकोनॉमिक फोरम” ज्यादा लगने लगा है।
राजीव शुक्ला ने अपने पोस्ट में कहा, “दावोस में सात भारतीय मुख्यमंत्री आपस में मिल रहे हैं। भारतीय कंपनियाँ भारतीय कंपनियों से मिल रही हैं, जो वे आसानी से भारत में भी कर सकते थे। असल में दावोस जाना अब एक स्टेटस सिंबल या दिखावा बन गया है।”
एक अन्य पोस्ट में उन्होंने और कड़ी भाषा में लिखा, “यह अजीब है कि भारतीय लोग, भारतीयों से मिलने के लिए दावोस जा रहे हैं। राज्य सरकारें स्विट्जरलैंड में भारतीय कंपनियों के साथ समझौते कर रही हैं, जो भारत में भी हो सकते थे। मुख्यमंत्री दावोस में दूसरे मुख्यमंत्रियों से मिल रहे हैं। यह पैसों की आपराधिक बर्बादी है।”
राजीव शुक्ला का कहना है कि यदि दावोस में विदेशी कंपनियों के साथ बड़े समझौते किए जाते, तो इसकी उपयोगिता समझ में आती।
गौरतलब है कि इस समय स्विट्जरलैंड के दावोस में वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम की बैठक जारी है। इसमें महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और असम के मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव और प्रह्लाद जोशी, गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी सहित कई अन्य भारतीय प्रतिनिधि शामिल हुए हैं।