दिल्ली के जैतपुर में बड़ा हादसा, 100 फीट लंबी दीवार गिरने से दो बच्चियों समेत 7 लोगों की मौत.
नई दिल्ली। साउथ ईस्ट दिल्ली के जैतपुर इलाके में शनिवार को एक बड़ा हादसा हो गया। बताया जाता है कि यहां लगभग 100 फुट लंबी दीवार अचानक गिर गई। इसकी चपेट में कई झुग्गियां आ गईं। मलबे से 8 लोगों को निकालकर अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान 7 लोगों की मौत हो गई, जिनमें दो बच्चियां शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार शनिवार की सुबह करीब 9:30 बजे हरी नगर गांव के पीछे बनी झुग्गियों के ऊपर समाधि की दीवार गिरने से यह हादसा हुआ है। जैसे ही मामले की सूचना मिली, पुलिस मौके पर पहुंच गई। जेसीबी बुलाकर वहां से लोगों को निकाला गया। दो अलग-अलग हॉस्पिटल में इन्हें भेजा गया। फायर ब्रिगेड की टीम के इंचार्ज सफदरजंग स्टेशन के ऑफिसर मनोज महलावत ने बताया कि लगभग 100 फुट लंबी दीवार है, जो समाधि स्थल पर बनी थी। इसकी चपेट में कई झुग्गियां आई हैं और यहां से लोगों को निकाल करके हॉस्पिटल में भेजा गया है। मृतकों में तीन पुरुष, दो महिला और दो लड़कियां शामिल हैं। सभी की पहचान कर ली गई है। बताया जा रहा है कि हादसे का कारण मुसलाधार बारिश है।