नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस का पलटवार: खड़गे ने पीएम मोदी और अमित शाह से मांगा इस्तीफा .
नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस का पलटवार: खड़गे ने पीएम मोदी और अमित शाह से मांगा इस्तीफा
नेशनल हेराल्ड मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की चार्जशीट पर कोर्ट द्वारा संज्ञान लेने से इनकार किए जाने के बाद कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। इस मुद्दे पर बुधवार को नई दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से इस्तीफा देने की मांग की।

खड़गे ने कहा,यह सब राजनीतिक द्वेष के तहत किया गया है। यह मामला सिर्फ़ गांधी परिवार को परेशान करने के लिए उठाया गया। इस केस में कोई एफ़आईआर तक दर्ज नहीं है। हमारा नारा सत्यमेव जयते है और हम अदालत के इस फैसले का स्वागत करते हैं।
उन्होंने कहा,फैसला आने के बाद प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह को नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए। इस तरह लोगों को परेशान करना बंद होना चाहिए। उन्हें समझना चाहिए कि इस तरह की राजनीति पर देश की जनता चुप नहीं बैठेगी।”
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के.सी. वेणुगोपाल ने भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा,
“पिछले सात वर्षों से कांग्रेस के ख़िलाफ राजनीतिक विद्वेष की राजनीति सड़कों पर उतारी जा रही है। हमारे वरिष्ठ नेताओं को लगातार निशाना बनाया जा रहा है, जिससे पार्टी का हर कार्यकर्ता आक्रोशित है।”
गौरतलब है कि मंगलवार को नेशनल हेराल्ड–यंग इंडियन मामले में ईडी की आरोपपत्र पर अदालत ने संज्ञान लेने से इनकार कर दिया था, जिसे कांग्रेस ने सच्चाई की जीत करार दिया है।