ट्रंप के टैरिफ से दुनिया भर के बाजारों में हड़कंप, भारतीय शेयर बाजार भी हुआ धड़ाम, सेंसेक्स-निफ्टी दोनों में भारी गिरावट.


मुंबई। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नए टैरिफ के ऐलान के बाद दुनियाभर के बाजारों में हड़कंप मच गया है। भारतीय शेयर बाजार में भी इसका खासा असर देखने को मिल रहा है। आज गुरुवार को बाजार खुलते ही भारतीय स्टॉक मार्केट धड़ाम हो गया। सेंसेक्स 805.58 अंकों की गिरावट के साथ 75,811.86 पर आ गया। इसी तरह निफ्टी 50 भी 182.05 अंक लुढ़ककर 23,150.30 पर कारोबार कर रहा था।
एशियाई बाजारों से लेकर अमेरिकी स्टॉक मार्केट तक, हर जगह गिरावट देखने को मिल रही है। ट्रंप के ऐलान के बाद अमेरिकी और एशियाई बाजारों में भी भारी गिरावट आई। डाउ जोन्स 2.4% गिरा,नैस्डैक 4.2% टूटा,एसएंडपी 500 फ्यूचर्स में 3.5% की गिरावट,टोक्यो के निक्केई 225 इंडेक्स में 2.9% की गिरावट,कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 1.9% टूटा और ऑस्ट्रेलिया का ASX 200 1.8% गिरकर बंद हुआ। ट्रंप ने भारत समेत दुनियाभर के कई देशों पर रिसिप्रोकल टैक्स लगाया। 2 अप्रैल को शेयर बाजार में बढ़त रही थी। सेंसेक्स 592 अंक चढ़कर 76,617 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी में 166 अंक की बढ़त रही, ये 23,332 के स्तर पर बंद हुआ था।