सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को गिरावट के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, सेंसेक्स और निफ्टी दोनों लुढ़के.
मुंबई। पिछले कई दिनों की लगातार तेजी के बाद सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शेयर बाजार भारी गिरावट के साथ बंद हुआ। बीएसई सेंसेक्स में 693.86 अंक की गिरावट के साथ 81,306.85 अंक पर बंद हुआ। इसी तरह एनएसई निफ्टी भी 213.65 अंक यानी 0.85% गिरावट के साथ 24,870.10 अंक पर क्लोज हुआ।
शुक्रवार को सेंसेक्स के 30 शेयरों में से आईसीआईसीआई बैंक, अडानी पोर्ट्स, एचसीएल टेक, एटरनल और एशियन पेंट्स के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट आई। फाइनेंशियल सेक्टर में 0.4% की गिरावट दर्ज की गई। बैंकिंग इंडेक्स 0.3% नीचे था। रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर भी 0.7% गिरा। यह निफ्टी 50 में तीसरा सबसे बड़ा शेयर है। ब्रॉडर मार्केट में मिडकैप शेयर 0.2% बढ़े जबकि स्मॉलकैप शेयरों में ज्यादा बदलाव नहीं हुआ।
सेंसेक्स की कंपनियों में महिंद्रा एंड महिंद्रा में सबसे ज्यादा 0.79% और मारुति में 0.65% की तेजी नजर आई। इसके अलावा भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, भारती एयरटेल, टाइटन, बजाज फाइनेंस के शेयर भी फायदे में रहे। निफ्टी में आज निवेशक मुनाफा बनाते दिखे। निफ्टी में महिंद्रा एंड महिंद्रा (0.87%), मारुति (0.48%), भारती एयरटेल (0.22%), भारत इलेक्ट्रॉनिक्स(0.20%) के शेयरों ने दम दिखाया।
आज इन कई कंपनियों के शेयर में भारी गिरावट नजर आई। एशियन पेंट्स का शेयर आज करीब 62.10 रुपये की गिरावट के साथ 2,504.50 रुपये के स्तर पर बंद हुआ। ग्रासिम का शेयर आज करीब 67.40 रुपये की गिरावट के साथ 2,813.80 रुपये के स्तर पर बंद हुआ। अडानी एंटरप्राइजेज का शेयर आज करीब 52.30 रुपये की गिरावट के साथ 2,324.90 रुपये के स्तर पर बंद हुआ। अल्ट्राटेक सीमेंट का शेयर आज करीब 281 रुपये की गिरावट के साथ 12,589 रुपये के स्तर पर बंद हुआ। हीरो मोटोकॉर्प का शेयर आज करीब 99.20 रुपये की गिरावट के साथ 4,997.90 रुपये के स्तर पर बंद हुआ। उल्लेखनीय है कि 21 अगस्त को सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 300 अंकों तक उछला, लेकिन कारोबार के अंत में सेंसेक्स 142.87 अंक या 0.17 फीसदी बढ़कर 82,000.71 के स्तर पर बंद हुआ था। इसी तरफ से निफ्टी 33.20 अंक या 0.13 फीसदी बढ़कर 25,083.75 के स्तर पर बंद हुआ था।