भाजपा प्रदेश कार्यालय में अब हर दिन नहीं लगाने होंगे चक्कर, सोमवार और मंगलवार को ही मिलेंगे प्रदेश अध्यक्ष.
भोपाल। भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति के साथ ही प्रदेश कार्यालय की कई व्यवस्थाओं में परिवर्तन हो रहा है। प्रदेश अध्यक्ष चाहते हैं कि सभी पदाधिकारी फील्ड में भी ज्यादा समय दें, इसलिए सबकी जिम्मेदारी तय की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि हेमंत खंडेलवाल ने पार्टी के जिला अध्यक्षों और प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में इस बात पर चिन्ता जाहिर की थी कि अधिकांश पदाधिकारी सातों दिन प्रदेश कार्यालय में नजर आते हैं। उन्होंने स्पष्ट हिदायत दी थी कि जिनको जहां का दायित्व मिला है, वहीं समय देना चाहिए। अभी तक अध्यक्ष से कार्यालय में मुलाकात का कोई समय और दिन फिक्स नहीं था। इसके कारण पदाधिकारी और कार्यकर्ता परेशान होते रहते थे, लेकिन अब सबकुछ तय किया जा रहा है। अब प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल हफ्ते में दो दिन सोमवार और मंगलवार को प्रदेश कार्यालय में प्रदेश भर से आए कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। बुधवार से लेकर रविवार तक प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल जिलों के प्रवास, बैठकें और पार्टी के कार्यक्रमों में शामिल होंगे। अब मुलाकात का समय तय होने से प्रदेश कार्यालय की भीड़ कम होगी।
जिला कार्यालयों पर भी मिलेंगे सांसद-विधायक
प्रदेश अध्यक्ष ने सभी जिला अध्यक्षों से कहा है कि वे कार्यालय में सातों दिन न बैठें। दो दिन जिला कार्यालय पर रहने के लिए तय करें और बाकी दिनों में जिले में आने वाले मंडलों और विधानसभा क्षेत्रों में प्रवास के कार्यक्रम बनाएं। सांसद भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने जिला अध्यक्षों को ये सलाह दी है कि वे विधायकों, सांसदों से चर्चा करके उनके साथ जिला कार्यालय पर बैठें। इससे कार्यकर्ताओं और आम जनता में अच्छा संदेश जाएगा। शनिवार-रविवार के दिन विधायकों, सांसदों को अपने जिले के भाजपा कार्यालय पर बैठकर कार्यकर्ताओं और आम जनता से मेल मुलाकात करने की सलाह है।
प्रदेश सरकार के मंत्री भी कार्यालय में बैठेंगे
भाजपा के प्रदेश कार्यालय में राज्य सरकार के एक मंत्री को रोज बैठने की तैयारी भी चल रही है। राज्य सरकार के मंत्री पार्टी के प्रदेश कार्यालय में बैठकर कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनेंगे। शिकायती आवेदनों को संबंधित विभागों में भेजकर निराकरण कराएंगे। यह व्यवस्था इसलिए लागू की जा रही है क्योंकि कार्यकर्ताओं की समस्याओं का जल्दी निराकरण हो सके।