नितिन नबीन बने भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष, बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा को बंपर जीत दिलाने का मिला पुरस्कार.
नई दिल्ली। बिहार के मंत्री नितिन नबीन भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष होंगे। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने इस संबंध में पत्र जारी किया है। इसमें कहा गया है कि भाजपा के संसदीय बोर्ड ने बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन को बीजेपी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। उपरोक्त नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में बिहार में भाजपा को जबरदस्त जीत मिली थी। इसमें संगठन पर मजबूत पकड़ रखने वाले नितिन नबीन की भूमिका भी काफी सराहनीय रही। इसके साथ ही अब भाजपा बिहार पर अपनी पकड़ बनाए रखना चाहती है। नितिन नबीन की नियुक्ति से भाजपा को पश्चिम बंगाल के चुनाव में भी फायदा मिलेगा। यही वजह है कि बहुत सारे दावेदारों को दरकिनार कर नितिन नबीन को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नितिन नबीन को भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने पर हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर कर कहा कि नितिन नवीन जी ने खुद को भाजपा के एक मेहनती कार्यकर्ता के रूप में स्थापित किया है। वह एक युवा, कर्मठ और संगठनात्मक अनुभव के धनी नेता हैं, जिनका बिहार में एक विधायक और मंत्री के रूप में कई कार्यकालों का एक प्रभावशाली रिकॉर्ड रहा है। उन्होंने जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य किया है। उन्होंने कहा कि वह अपने विनम्र स्वभाव और जमीन से जुड़ी कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि उनकी ऊर्जा और प्रतिबद्धता आने वाले समय में हमारी पार्टी को और अधिक मजबूत करेगी।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी दी बधाई
बिहार के कैबिनेट मंत्री नितिन नबीन के भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बधाई है। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि बिहार की धरती से आने वाले युवा और ऊर्जावान नेता श्री नितिन नबीन को भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर हार्दिक बधाई। वे एक कर्मठ कार्यकर्ता और कल्पना क्षमता के धनी व्यक्ति हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रेरक नेतृत्व में वे भाजपा को सफलता की नई बुलंदियों तक ले जाने में अवश्य सफल होंगे। उनके कार्यकाल की सफलता के लिए उन्हें बहुत शुभकामनाएं।