पश्चिम एशिया संकट को लेकर पीएम मोदी ने ओमान और कतर से की बात, भारतीय समुदाय की सुरक्षा पर भी की चर्चा.
नई दिल्ली। अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जारी युद्ध को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को खाड़ी क्षेत्र के दो बड़े नेताओं से बातचीत की है और वहां हुए हमले और भारतीयों की सुरक्षा को लेकर चर्चा की। पिछले 48 घंटों में पीएम मोदी ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), इस्राइल, सऊदी अरब, जॉर्डन, बहरीन, ओमान, कुवैत और कतर के नेताओं से बातचीत की है।
पीएम मोदी ने ओमान के सुल्तान हैथम बिन तारिक और कुवैत के क्राउन प्रिंस शेख सबा अल-खालिद अल-अहम अल-मुबारक अल-सबाह से भी बात की। प्रधानमंत्री ने दोनों नेताओं से अलग-अलग फोन पर बातचीत की और उनके देशों में हो रहे हमलों पर चिंता जताई। प्रधानमंत्री ने उन देशों में रह रहे भारतीय समुदाय की सुरक्षा पर भी चर्चा की। उन्होंने कतर के अमीर शेख तमीम बिन हामेद अल-थानी से भी फोन पर बात की। उन्होंने कतर पर हमलों की आलोचना की और देश में भारतीय समुदायों के समर्थन और देखभाल के लिए अमीर का धन्यवाद किया। इससे पहले, सोमवार को प्रधानमंत्री मोदी ने जॉर्डन के किंग अब्दुल्ला द्वितीय से भी फोन पर बातचीत की थी। उन्होंने क्षेत्र में फैले तनाव के मुद्दे पर चर्चा की। प्रधानमंत्री मोदी ने सोमवार को बहरीन के किंग और सऊदी के क्राउन प्रिंस को भी फोन किया।
खाड़ी देशो में एक करोड़ भारतीय
पश्चिमी एशिया में जारी तनाव के बीच भारतीय विदेश मंत्रालय का बड़ा बयान सामने आया है. प्रवक्ता की ओर से जारी बयान में साफ किया गया है कि भारत संवाद और कूटनीति से समाधान को दोहराता है। भारत संघर्ष के जल्द से जल्द खत्म होने के लिए आवाज उठा रहे हैं। मंत्रालय की ओर से आगे कहा गया कि रमजान के पवित्र महीने मे, क्षेत्र में स्थिति लगातार और काफी बिगड़ गई है। खाड़ी देशों में काम करने वाले भारतीय नागरिकों की संख्या 1 करोड़ से भी ज्यादा है, जिनकी सुरक्षा की चिंता भारत की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है।