राज्यसभा में गृह मंत्री अमित शाह का कांग्रेस पर हमला, कहा-पीओके आपने दिया था, वापस भाजपा लाएगी.
नई दिल्ली। राज्यसभा में बुधवार को ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पीओके आपने दिया था लेकिन वापस उसे भाजपा ही लाएगी।
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर युद्ध नहीं था, आत्मरक्षा के लिए आतंकवाद पर हमले का अधिकार है। को भाजपा से आतंकवाद के बारे में सवाल पूछने का कोई अधिकार नहीं है। देश में आतंकवाद फैलने का एकमात्र कारण कांग्रेस का वोटबैंक और तुष्टिकरण की राजनीति है। शाह ने कहा कि सोमवार को हमारे सुरक्षा बलों ने ऑपरेशन महादेव चलाया, जिसमें पहलगाम हमले में शामिल तीन आतंकवादी मारे गए। आज इस सदन में खड़े होकर, मैं वादा करता हूं कि जम्मू-कश्मीर आतंकवाद से मुक्त होगा। यही नरेंद्र मोदी सरकार का संकल्प है।
शाह ने कहा कि कल आप (कांग्रेस) पूछ रहे थे कि वे (पहलगाम के आतंकवादी) आज ही क्यों मारे गए? उन्हें कल क्यों नहीं मारा जाना चाहिए था? क्योंकि राहुल गांधी को अपना भाषण देना था? ऐसा नहीं चलता। पूरा देश देख रहा है कि कांग्रेस की प्राथमिकता राष्ट्रीय सुरक्षा और आतंकवाद का खात्मा नहीं, बल्कि राजनीति, वोट बैंक और तुष्टिकरण की राजनीति है। शाह ने कहा कि हमने पाकिस्तान के आतंकी शिविरों, आतंकी लॉन्चिंग पैड्स और आतंकी प्रशिक्षण शिविरों पर हमला किया, लेकिन उन्होंने इसे अपने देश पर हमला माना। 8 मई को पाकिस्तान ने भारत के आवासीय इलाकों और रक्षा प्रतिष्ठानों पर हमला किया। 9 मई को भारत ने पाकिस्तान के 11 रक्षा प्रतिष्ठानों और एयरबेसों पर हमला कर उन्हें नष्ट कर दिया। इसके बाद, पाकिस्तान जवाबी कार्रवाई करने की स्थिति में नहीं था।
पूर्व गृह मंत्री चिंदबरम पर साधा निशाना
अमित शाह ने कांग्रेस सांसद पी. चिदंबरम के बयान पर प्रतिक्रिया दी और कहा कि वह कह रहे थे कि आतंकियों के क्या सबूत हैं कि वे पाकिस्तान से आए थे। जब तक पी. चिदंबरम गृह मंत्री थे तब तक अफजल गुरु को फांसी नहीं हुई। अमित शाह ने राज्यसभा में कहा कि कांग्रेस पार्टी की मानसिकता को देश की जनता देख रही है। इनकी प्राथमिकता देश की सुरक्षा नहीं है, राजनीति है।