पीएम मोदी के ट्वीट पर भड़की कांग्रेस, पवन खेड़ा ने कहा-क्रिकेट मैच की तुलना युद्ध के मैदान से करना ठीक नहीं.
नई दिल्ली। भारत ने रविवार को हुए एशिया कप के फाइनल में पाकिस्तान को बुरी तरह परास्त किया था। इसके बाद पीएम मोदी ने भारतीय टीम को बधाई देते हुए इसकी तुलना ऑपरेशन सिंदूर से की थी। इस पर कांग्रेस ने नाराजगी जाहिर की है। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने ट्वीट कर कहा कि क्रिकेट मैच की तुलना युद्ध के मैदान से करना ठीक नहीं है।
उल्लेखनीय है कि पीएम मोदी ने एशिया कप जीतने पर टीम इंडिया को बधाई देते हुए लिखा था कि क्रिकेट के मैदान पर ऑपरेशन सिंदूर। परिणाम वही है। हमारे क्रिकेट खिलाड़ियों को बहुत-बहुत बधाई। इस ट्वीट पर निशाना साधते हुए कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने एक्स पर लिखा कि प्रधानमंत्री जी, पहली बात तो एक क्रिकेट मैच की तुलना युद्ध के मैदान से करना ठीक नहीं है। दूसरी बात, अगर आपने तुलना कर ही दी तो आपको भारतीय टीम से यह सीखने की जरूरत है कि जब जीत के करीब हों, तो किसी थर्ड अंपायर के कहने पर अच्छे कप्तान सीजफायर नहीं करते।
सुधांशु त्रिवेदी ने किया पलटवार
भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि भारत ने पाकिस्तान को तीन बार हराकर हैट्रिक बनाई और सभी मैच जीते। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने अब तक हमारी विजेता टीम को एक भी बधाई संदेश नहीं दिया है। मैं उनसे कहना चाहता हूं कि अपनी हीन भावना की छाया हमारी क्रिकेट टीम पर न पड़ने दें। जिन्होंने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान हमारे सशस्त्र बलों का आत्मविश्वास कम करने के लिए अपनी पूरी ताकत लगा दी, वे हमारे खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए एक शब्द भी नहीं बोल रहे हैं। गठबंधन का नाम इंडिया रख लेने से दिल में इंडिया नहीं रहता।
एस जयशंकर और गिरिराज सिंह ने भी किया पोस्ट
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि एशिया कप जीतने पर टीम इंडिया को बधाई। नया भारत कमाल कर रहा है। वहीं, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने भी एक्स पर लिखा कि क्या सर्जिकल स्ट्राइक है...टीम इंडिया को बहुत-बहुत बधाई। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पीएम मोदी के ट्वीट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि अच्छा लगता है कि हमारे नेता फ्रंट फुट पर आकर खेलते हैं।