बिहार फतह के लिए बनी अमित शाह कि 'सुपर 45' में मध्यप्रदेश के कई नेताओं के नाम, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने संभाली कमान.
भोपाल। बिहार में बहुत जल्द ही विधानसभा चुनाव की घोषणा होने वाली है। अन्य दलों के साथ ही भाजपा पूरी जोरशोर से जुटी हुई है। चुनाव की कमान केंद्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान संभालेंगे, वहीं गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार फतह के लिए 45 नेताओं की टीम बनाई है। इनमें मध्यप्रदेश के कई वरिष्ठ नेता शामिल है।
अमित शाह की टीम में मध्यप्रदेश से पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, गजेंद्र सिंह पटेल, अनिल फिरोजिया, मंत्री प्रह्लाद पटेल व विश्वास सारंग, पूर्व सांसद केपी सिंह यादव और अरविंद सिंह भदौरिया नाम शामिल हैं। वीडी शर्मा पटना जोन की 8 लोकसभा और 42 विधानसभा सीट का कमान संभालेंगे। शर्मा ने बिहार की मुंगेर और बेगूसराय लोकसभा सीट के प्रमुख कार्यकर्ताओं की बैठक ली। उन्होंने बेगूसराय से सांसद और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह से भी बिहार चुनाव पर चर्चा की। वीडी शर्मा ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए पूरे दमखम के साथ मैदान में उतरने के लिये प्रोत्साहित किया।
मध्यप्रदेश जैसा होगा बूथ मैनेजमेंट
सूत्र बताते हैं कि एमपी की तर्ज पर बिहार में बूथ मैनेजमेंट का प्लान बनाया है। जिसमें वीडी शर्मा की भूमिका अहम है। बताया जाता है कि वीडी शर्मा सहित मध्यप्रदेश के अन्य नेताओं को यही जिम्मेदारी दी गई है कि वे बूथ मैनेजमेंट को मजबूत करें। जिस तरह मध्यप्रदेश में बूथ कार्यकर्ता सक्रिय हैं, वैसे ही बिहार के कार्यकर्ताओं को भी सक्रिय करना है। इसकी पूरी प्लानिंग वीडी शर्मा सहित मध्यप्रदेश के अन्य नेता संभालेंगे।
शाह की सूची में हर राज्य के नेता
अमित शाह की सुपर 45 में हर राज्य के वरिष्ठ और अनुभवी नेताओं को शामिल किया गया है। उत्तर प्रदेश से सांसद सतीश गौतम, राजकुमार चाहर, संगम लाल गुप्ता, पूर्व सांसद विनोद सोनकर, पूर्व मंत्री सतीश चंद्र द्विवेदी, नेता उपेंद्र तिवारी और विधायक सलभ मणि त्रिपाठी, राजस्थान से नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ को भी जिम्मेदारी मिली है। छत्तीसगढ़ से सांसद संतोष पांडेय और विजय बघेल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडेय को जगह मिली है। दिल्ली से सांसद रमेश बिधूड़ी, कमलजीत शाहरावत और केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा को शामिल किया गया है। गुजरात से सांसद देवूसिंह चौहान, मितेश पटेल और विधायक अमित ठाकरे को कमान सौंपी गई है। हरियाणा से पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल, जम्मू-कश्मीर से सांसद युगल किशोर शर्मा, झारखंड से सांसद मनीष जयसवाल, कालीचरण सिंह, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष रविंद्र राय और पूर्व सांसद सुनील सिंह, ओडिशा से सांसद अनंत नायक को भी बिहार भेजा गया है।