मनोज तिवारी के मुंबई आवास में चोरी: पूर्व कर्मचारी गिरफ्तार, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात.
मनोज तिवारी के मुंबई आवास में चोरी: पूर्व कर्मचारी गिरफ्तार, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
दिल्ली की उत्तर-पूर्वी लोकसभा सीट से बीजेपी सांसद और प्रसिद्ध गायक मनोज तिवारी के मुंबई स्थित आवास में 5.40 लाख रुपये की चोरी का मामला सामने आया है। यह घटना अंधेरी पश्चिम के शास्त्रीनगर इलाके में स्थित सुंदरबन अपार्टमेंट की है, जहां चोरी को अंजाम देने वाला कोई और नहीं बल्कि उनका पूर्व कर्मचारी निकला।
इस मामले में मनोज तिवारी के मैनेजर प्रमोद जोगेंदर पांडेय ने अंबोली पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान सुरेंद्रकुमार दीनानाथ शर्मा के रूप में हुई है, जिसे करीब दो साल पहले नौकरी से हटा दिया गया था।
अंबोली पुलिस के अनुसार, प्रमोद पांडेय पिछले 20 वर्षों से मनोज तिवारी के मैनेजर के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि घर के बेडरूम में रखी कुल 5.40 लाख रुपये की नकदी चोरी हुई थी। इसमें से जून 2025 में कपाट में रखे 4.40 लाख रुपये पहले ही गायब हो चुके थे, लेकिन उस समय चोर की पहचान नहीं हो सकी थी।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को देखते हुए दिसंबर 2025 में घर के अंदर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए। इसी कड़ी में 15 जनवरी 2026 की रात करीब 9 बजे सीसीटीवी अलर्ट के जरिए पूर्व कर्मचारी सुरेंद्रकुमार शर्मा को चोरी करते हुए देखा गया। फुटेज में सामने आया कि आरोपी के पास घर, बेडरूम और कपाट खोलने की बनावटी चाबियां थीं, जिनकी मदद से वह आसानी से घर में घुस जाता था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने उसी रात करीब एक लाख रुपये की चोरी की थी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जब उससे पूछताछ की गई तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। इसके बाद अंबोली पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज जब्त कर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।