बीएमसी चुनाव में हार के बाद बोले उद्धव ठाकरे-भाजपा ने पैसे के बल पर जीता चुनाव.
मुंबई। बीएमसी चुनाव में करारी हार के बाद शिवसेना यूबीटी नेता उद्धव ठाकरे ने भाजपा और महायुति पर जमकर वार किया है। उद्धव ठाकरे ने शनिवार को बीजेपी पर बड़ा आरोप लगाया। उद्धव ने कहा कि भाजपा ने इस चुनाव में बहुत सा पैसा खर्च किया है। उन्होंने प्रेशर कुकर बांटे, साड़ियां बांटी और बाकी चीजें भी बांटी। इस सबके लिए पैसा कहां से आया। ईडी, सीबीआई ने इसका संज्ञान क्यों नहीं लिया?
उद्धव ठाकरे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाया कि इस चुनाव में पैसे और मुफ्तखोरी का व्यापक इस्तेमाल हुआ है। चुनाव से 4 दिन पहले भारी मात्रा में पैसा बांटा गया था। लोगों को मिक्सर, वॉशिंग मशीन दी गई। इसकी जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनाव में बांटने के लिए ये बेहिसाब पैसा कहां से आया? क्या नोटबंदी नाकाम हो गई? उद्धव ने प्रधानमंत्री मोदी को निशाने पर लेते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री मोदी की रैली में लगभग सभी कुर्सियां खाली थीं। मैं जानना चाहता हूं कि क्या वाकई उन्हें इतने वोट मिले हैं, अगर मिले तो उन्हें किसने वोट दिए? खाली कुर्सियों ने? खाली कुर्सियां कैसे वोट दे सकती हैं शिवसेना (यूबीटी) के नेता ने कहा कि हम मुंबई में अपना मेयर बनाना चाहते हैं और इस दिशा में काम करेंगे। चुनाव के ये नतीजे हमें कमजोर नहीं करते। हमारे उम्मीदवारों ने कड़ी मेहनत की थी और वे जीते भी हैं।
भाजपा जोड़तोड़ कर बनाएगी अपना मेयर
मुंबई के मेयर के सवाल पर उद्धव ने कहा कि इस बारे में मैं क्या बोल सकता हूं। पहले तय होने दीजिए कि वो (भाजपा और शिंदे शिवसेना) आपस में ढाई-ढाई साल का महापौर बनने देंगे क्या? जैसे मेरे साथ किया गया था। मेरी ही पार्टी को तोड़ कर मेरे ही आदमी को मुख्यमंत्री बना दिया गया। वैसे ही, अब उनकी भी पार्टी तोड़ कर वो अपना महापौर बना देंगे।उद्धव ने कहा कि जिन लोगों ने अपने चुने हुए पार्षदों को रिसॉर्ट में रखा है, उनसे पूछा जाना चाहिए कि उन्हें किस बात का डर है।