कुपवाड़ा में एलओसी पर घुसपैठ की कोशिश नाकाम, सेना का आतंकियों से मुठभेड़.
कुपवाड़ा में एलओसी पर घुसपैठ की कोशिश नाकाम, सेना का आतंकियों से मुठभेड़
उत्तरी कश्मीर के सीमांत जिले कुपवाड़ा के मच्छिल सेक्टर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के करीब सेना ने सीमा पार से घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, एलओसी के कुंबकडी वन क्षेत्र में पहले से मिले खुफिया इनपुट के आधार पर सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम ने कई स्थानों पर एंबुश लगाए थे।
जैसे ही आतंकवादियों के एक दल की गतिविधि नजर आई, जवानों ने उन्हें ललकारा, जिस पर आतंकवादियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में जवानों ने भी मोर्चा संभाला और मुठभेड़ शुरू हो गई।
सूत्रों ने बताया कि कुछ देर चली मुठभेड़ के दौरान हथियारों से लैस आतंकवादी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। फिलहाल इलाके में संयुक्त तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
सैन्य सूत्रों ने पुष्टि की है कि घुसपैठ की कोशिश नाकाम बना दी गई है, हालांकि इस संबंध में कोई औपचारिक बयान जारी नहीं किया गया है।