मेघालय के एक कोयला खदान में भीषण धमाका, 16 मजदूरों की मौत, कई मजदूर अभी भी फंसे.
शिलांग। मेघालय से एक कोयला खदान में हुए धमाके में करीब 16 मजदूरों की मौत हो गई है, जबकि कई मजदूर अभी भी फंसे हुए हैं। बताया जा रहा है कि इस खदान का संचालन अवैध रूप से हो रहा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मेघालय के ईस्ट जयंतिया हिल्स जिले में गुरुवार को एक कोयला खदान में विस्फोट हुआ। पुलिस महानिदेशक आई नोंगरंग के अनुसार यह घटना थांगस्कू इलाके में हुई और बचाव दल तलाशी अभियान चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमने अब तक 16 शव बरामद किए हैं, लेकिन विस्फोट के समय खदान के अंदर मौजूद लोगों की संख्या के बारे में सटीक जानकारी नहीं है। इस कारण कई लोगों के फंसे होने की आशंका है।
घटना में घायल एक व्यक्ति को एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जिसके बाद बेहतर इलाज के लिए उसे राज्य की राजधानी शिलांग रेफर कर दिया गया। शक है कि यह विस्फोट उस जगह पर कोयला खनन की गतिविधियों के दौरान हुआ, जिसे एक गैर-कानूनी काम माना जा रहा है।