समयपुर बादली में सनसनी: पत्नी और तीन बच्चों की गला रेतकर हत्या, आरोपी पति फरार.
समयपुर बादली में सनसनी: पत्नी और तीन बच्चों की गला रेतकर हत्या, आरोपी पति फरार
दिल्ली के समयपुर बादली इलाके के चंदन पार्क में दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है। यहां एक महिला और उसके तीन मासूम बच्चों की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी गई।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हत्या का आरोप महिला के पति पर है, जो वारदात के बाद से फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तो घर के अंदर का दृश्य भयावह था। महिला और तीनों बच्चों के शव खून से लथपथ पड़े थे। शुरुआती जांच में सामने आया है कि सभी की गला रेतकर हत्या की गई है।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल को सील कर फॉरेंसिक टीम द्वारा साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। आसपास के लोगों से पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है, ताकि फरार आरोपी तक जल्द पहुंचा जा सके।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।