भारत-पाक महामुकाबले पर संकट: टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले आईसीसी के सामने पाकिस्तान की तीन शर्तें.
भारत-पाक महामुकाबले पर संकट: टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले आईसीसी के सामने पाकिस्तान की तीन शर्तें
आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत बनाम पाकिस्तान के बहुप्रतीक्षित मुकाबले पर अभी भी अनिश्चितता के काले बादल मंडरा रहे हैं। पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ मैच खेलने से इनकार कर दिया है, हालांकि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने अब तक इस फैसले की लिखित सूचना अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) को नहीं दी है। ऐसे में अब भी उम्मीद जताई जा रही है कि 15 फरवरी को यह हाई-वोल्टेज मुकाबला देखने को मिल सकता है।
भारत-पाकिस्तान मैच को टूर्नामेंट में बनाए रखने के लिए आईसीसी पूरी कोशिश कर रहा है। इसी सिलसिले में आईसीसी और पीसीबी प्रमुख मोहसिन नकवी के बीच अहम बैठक हुई, जिसमें बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के अध्यक्ष भी मौजूद थे। इस बैठक में पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार को खत्म करने के लिए आईसीसी के सामने तीन बड़ी मांगें रखीं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी ने आईसीसी से ज्यादा रेवेन्यू शेयर की मांग की है। इसके अलावा उन्होंने भारत के साथ द्विपक्षीय क्रिकेट सीरीज दोबारा शुरू करने और टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान भारतीय खिलाड़ियों द्वारा पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाने की शर्त भी रखी है।
हालांकि, पाकिस्तान की मांग पर भारत के मानने की संभावना बेहद कम है। भारत और पाकिस्तान के बीच आखिरी द्विपक्षीय सीरीज साल 2012 में खेली गई थी। राजनीतिक तनाव के चलते पिछले 16 वर्षों से दोनों टीमें सिर्फ आईसीसी टूर्नामेंट्स में ही आमने-सामने आती रही हैं। पिछले साल भारत में हुए पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत का रुख और सख्त हो गया, जिसके बाद एशिया कप 2025 से भारतीय टीम ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाना भी बंद कर दिया।