दौसा में दर्दनाक सड़क हादसा: जयपुर-आगरा हाईवे पर कार-ट्रेलर टक्कर, शादी से लौट रहे 6 युवकों की मौत.
दौसा में दर्दनाक सड़क हादसा: जयपुर-आगरा हाईवे पर कार-ट्रेलर टक्कर, शादी से लौट रहे 6 युवकों की मौत
राजस्थान के दौसा जिले में जयपुर-आगरा नेशनल हाईवे पर मंगलवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। कैलाई गांव के पास एक तेज रफ्तार कार पहले डिवाइडर से टकराई और फिर सामने से आ रहे ट्रेलर से जा भिड़ी। इस दर्दनाक दुर्घटना में कालाखो गांव के रहने वाले छह युवकों की मौत हो गई, जो एक शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे।
पुलिस के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल दो अन्य युवकों ने बाद में अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
पुलिस ने बताया कि कार में सवार सभी लोग कालाखो गांव के निवासी थे। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित रहा। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।