सप्ताह के तीसरे कारोबारी दिन दम न भर सका शेयर बाजार, सेंसेक्स 40.28 अंक नीचे और निफ्टी 18.7 अंक ऊपर जाकर हुआ बंद.
मुंबई। सप्ताह के तीसरे कारोबारी दिन बुधवार को शेयर बाजार में कोई दम नजर नहीं आया। बीएसई सेंसेक्स 40.28 अंक की गिरावट के साथ 84,233.64 के स्तर पर बंद हुआ। दूसरी तरफ एनएसई निफ्टी 18.7 अंक की मामूली बढ़त के साथ 25,953.85 के स्तर पर बंद हुआ।
बुधवार के सत्र में निफ्टी पर आइशर मोटर्स, अपोलो हॉस्पिटल्स, मैक्स हेल्थकेयर, एसबीआई और मारुति सुजुकी के शेयर बढ़त में रहे। इसके विपरित कोल इंडिया, टीसीएस, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, इटरनल और इंफोसिस आदि के शेयरों में गिरावट रही। आज के कारोबार में सेंसेक्स में सबसे ज्यादा खरीदारी एसबीआईएन, मारुति सुजुकी, इंडिगो, ट्रेन्ट और रिलायंस इंडस्ट्रीज में रही। इधर, टीसीएस, इंफोसिस, एचसीएल टेक, इटरनल और आईटीसी के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए।
बुधवार को सेंसेक्स की 30 में से 21 कंपनियों के शेयर हरे निशान में खुले थे, जबकि 9 कंपनियों के शेयर लाल निशान में खुले। निफ्टी की 50 में से 37 कंपनियों के शेयर ही हरे निशान में और 13 कंपनियों के शेयर लाल निशान में खुले थे। सेंसेक्स की कंपनियों में शामिल टाइटन के शेयर आज सबसे ज्यादा 2.26 प्रतिशत की तेजी के साथ खुले थे, जबकि बीईएल के शेयर आज सबसे ज्यादा 0.49 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार की शुरुआत की।