सप्ताह के चौथे कारोबारी दिन डगमगाया शेयर बाजार, सेंसेक्स 558.72 अंक और निफ्टी में 146.65 गिरकर हुआ बंद.
मुंबई। सप्ताह के चौथे कारोबारी दिन गुरुवार 12 फरवरी को शेयर बाजार में भूचाल आया। बीएसई सेंसेक्स 558.72 अंक गिरकर 83,674.92 पर बंद हुआ, वहीं एनएसई निफ्टी 146.65 अंक गिरकर 25,807.20 पर क्लोज हुआ।
आज के कारोबार में सेंसेक्स के 30 में से ज्यादातर शेयर लाल निशान पर बंद हुए। सबसे ज्यादा गिरावट टेक महिंद्रा, इंफोसिस, टीसीएस, एचसीएल टेक और महिंद्रा एंड महिंद्रा में रही। इसके विपरित बजाज फाइनेंस, आईसीआईसीआई बैंक, ट्रेंट, बीईएल और एसबीआईएन के शेयर फायदे में रहे। बाजार में आई चौतरफा बिकवाली के चलते निवेशकों को करीब 2.5 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। आज सबसे ज्यादा बिकवाली आईटी स्टॉक्स में रही जिसके चलते निफ्टी आईटी इंडेक्स 5 फीसदी से अधिक टूट गया। इसके अलावा रियल्टी इंडेक्स में भी 1 फीसदी से ज्यादा की कमजोरी रही। आज एफएमसीजी, मीडिया, फार्मा और बैंकिंग इंडेक्स भी लाल निशान पर बंद हुए हैं। दूसरी तरफ निफ्टी मेटल और कंज्यूमर ड्यूरेबल जैसे कुछ इंडेक्स हरे निशान पर बंद होने में कामयाब रहे। गुरुवार को बीएसई पर लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप 47227613.95 करोड़ रुपये रहा, जबकि इससे दिन पहले बुधवार को यह 47478122 करोड़ रुपये रहा था। इस तरह एक दिन में मार्केट कैप में 2,54,387.47 करोड़ रुपये की कमी आई है।